Move to Jagran APP

यात्रा पड़ावों पर रोके गए यात्री, सतर्क रहने की अपील

जागरण टीम, गढ़वाल: चारधाम यात्रा पर अगले आदेश तक रोक के बाद यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिय

By JagranEdited By: Published: Mon, 18 Oct 2021 02:58 AM (IST)Updated: Mon, 18 Oct 2021 02:58 AM (IST)
यात्रा पड़ावों पर रोके गए यात्री, सतर्क रहने की अपील
यात्रा पड़ावों पर रोके गए यात्री, सतर्क रहने की अपील

जागरण टीम, गढ़वाल: चारधाम यात्रा पर अगले आदेश तक रोक के बाद यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है। रविवार को केदारनाथ धाम में दर्शन के बाद तीर्थ यात्रियों को तत्काल वापस गौरीकुंड भेजा गया। वहीं गंगोत्री और यमुनोत्री में भी दर्शन के बाद अधिकांश यात्री वापस लौट गए। हालांकि बदरीनाथ में ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था होने के चलते समस्या नहीं हुई, जबकि अलर्ट के चलते पुलिस ने यात्रियों को पांडुकेश्वर से आगे बदरीनाथ धाम जाने से रोक दिया। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से जगह-जगह यात्रियों को सुरक्षित और सतर्क रहने को कहा जा रहा है।

loksabha election banner

मौसम विभाग ने आगामी 18 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके चलते एहतियातन रविवार को सोनप्रयाग, गौरीकुंड, फाटा, गुप्तकाशी, अगस्त्यमुनि, तिलवाड़ा, सीतापुर, रामपुर समेत विभिन्न पड़ाव स्थलों पर यात्रियों को पुलिस ने रोक दिया। वहीं रविवार को केदारनाथ धाम में 18 हजार से अधिक यात्रियों ने दर्शन किए। जिलाधिकारी मनुज गोयल और पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने श्रद्धालुओं से जो जहां है वहीं बने रहने की अपील की है।

वहीं बदरीनाथ धाम में वर्तमान में 10 हजार से अधिक यात्री मौजूद हैं। हालांकि धाम में 15 हजार से अधिक यात्रियों के रहने की पर्याप्त व्यवस्था है। इसके चलते वहां कोई खास समस्या नहीं है। वहीं जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने बताया कि यात्रियों से पड़ावों पर ही रुकने की अपील की गई है। पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि धाम में यात्रियों की संख्या में बढ़ोत्तरी न हो, इसके लिए पांडुकेश्वर से आगे यात्रियों को फिलहाल नहीं जाने दिया जा रहा है। चमोली जिले के हर पुलिस चेक पोस्ट पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ही रुकने की सलाह देकर बारिश के दौरान यात्रा न करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।

उधर, रविवार दोपहर तक गंगोत्री धाम में 479 यात्रियों ने दर्शन किए। इनमें अधिकांश यात्री दर्शन के बाद वापस उत्तरकाशी व अपने गंतव्यों को लौट गए। जबकि, यमुनोत्री में दोपहर तक 839 यात्रियों ने दर्शन किए। उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में रविवार सुबह बूंदाबंदी शुरू हो गई थी। जबकि, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दोपहर से बारिश शुरू हुई। अलर्ट को देखते जिलाधिकारी ने गंगोत्री, यमुनोत्री, हर्षिल, धराली, झाला, सुक्की, जानकी चट्टी, खरसाली, हनुमान चट्टी सहित आदि ऊंचाई वाले स्थानों पर ठहरे यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की है। प्रशासन की अपील के बाद होटलों में ठहरे कुछ यात्री वापस भी लौटे हैं। जबकि, 100 से अधिक पर्यटक हर्षिल घाटी में बारिश और बर्फबारी का आनंद लेने के लिए ठहरे हुए हैं। इसके अलावा भटवाड़ी से उन पर्यटकों को हर्षिल, धराली जाने दिया जा रहा है, जिनके पहले से होटलों में कमरे बुक हैं।

----

पर्वतारोहण पर तीन दिन के लिए रोक

गोपेश्वर: मौसम विभाग के अलर्ट के बाद नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क और अन्य वन प्रभागों में पर्वतारोहण की अनुमति पर तीन दिन के लिए रोक लगा दी गई है। नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के निदेशक अमित कंवर ने बताया कि अलर्ट के दौरान आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। कहा कि वन क्षेत्रों में भ्रमण पर गए सभी ट्रैकर को शाम तक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.