मौसम की जानकारी नहीं, शर्ट-चप्पल में ही पहुंच रहे केदारनाथ
बाबा केदार के दर पर देशभर से बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। लेकिन, दिक्कत यह है कि सभी को वहां के मौसम के बारे में जानकारी नहीं है। जाहिर है ऐसी स्थिति में तबीयत तो बिगड़ेगी ही।
रुद्रप्रयाग, [जेएनएन]: केदारनाथ में लगातार बारिश के चलते न्यूनतम तापमान शून्य बना हुआ है। लेकिन, इस संबंध में जानकारी न होने के कारण बड़ी संख्या में यात्री शर्ट व चप्पलों में ही केदारनाथ पहुंच रहे हैं। जिसका नतीजा उनकी तबीयत बिगड़ने के रूप में सामने आ रहा है। हालांकि, इस सब को देखते हुए केदारनाथ में तैनात प्रशासन व पुलिस की टीम इन यात्रियों पर नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर उनकी मदद भी कर रही है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग पीएन मीणा बताते हैं कि ठंड लगने पर यात्रियों को गर्म कमरों में ले जाया जा रहा है और रात्रि के वक्त उन्हें किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए लगातार पुलिस गश्त भी की जा रही है।
बाबा केदार के दर पर देशभर से बड़ी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं। लेकिन, दिक्कत यह है कि सभी को वहां के मौसम के बारे में जानकारी नहीं है। जाहिर है ऐसी स्थिति में तबीयत तो बिगड़ेगी ही। यही यात्रा प्रशासन की सबसे बड़ी चिंता भी है, जिसने उसकी चुनौतियां भी बढ़ा दी हैं। अहमदाबाद (गुजरात) के 73-वर्षीय साधु भाई बताते हैं कि केदारनाथ की चढ़ाई काफी कठिन है। लेकिन, पुलिस-प्रशासन इन विकट परिस्थितियों में भी यात्रियों की भरसक मदद कर रहा है।
द्वारका (दिल्ली) के सेवानिवृत्त शिक्षक सुरेश गढ़पति बताते हैं कि पुलिस ने केदारनाथ पहुंचने में उनकी मदद की। रास्ते में दो-वर्षीय पोती उनसे बिछुड गई थी, उसे भी भारी भीड़ में पुलिस ने खोज निकाला। बताते हैं कि पुलिस बर्फबारी होने पर यात्रियों को छाता दे रही है, ताकि वे भीगे नहीं। उनके लिए गर्म कपड़ों की भी व्यवस्था है। जो लोग नंगे पांव पहुंच रहे हैं, उन्हें जूते उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा पूरे यात्रा मार्ग पर एडवायजरी जारी कर ठंड से बचने के लिए यात्रियों को सचेत किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: एक माह में दस लाख यात्री कर चुके चारधाम दर्शन
यह भी पढ़ें: यात्रा सीजन चरम पर, इस बार सर्वाधिक यात्री पहुंचे केदारनाथ
यह भी पढ़ें: केदारनाथ की 17 भाषाओं में चाहिए जानकारी तो डाउनलोड करें यह एप