सिद्धपीठों में नवरात्र का पूर्णाहुति के साथ समापन
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: सिद्धपीठों में नौ दिनों से चल रहे शारदीय नवरात्र का पूर्णाहुति के साथ समा
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: सिद्धपीठों में नौ दिनों से चल रहे शारदीय नवरात्र का पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया है। इस अवसर पर मंदिरों में पहुंचे भक्तों को जौ की हरियाली प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। साथ ही मंदिरों में कन्या पूजन कर उन्हें भोजन परोसा गया। वहीं रामनवमी पर मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही।
गत 10 अक्टूबर से जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ कालीमठ, कालीशिला, चामुंडा देवी, हरियाली देवी एवं मठियाणाखाल मंदिरों में नवरात्र का शुभारंभ हुआ था। तब से नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा अर्चना की गई। साथ ही पुजारियों ने मां दुर्गा की विशेष पूजा अर्चना कर भोग लगाया। रामनवमी पर्व पर मां के दर्शनों को पहुंचे भक्तों ने मां से मनौतियों के साथ ही सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मंदिरों में कीर्तन भजनों के साथ ही मां के जागरों का आयोजन भी किया गया। वहीं मंदिरों में पूजा अर्चना, हवन के साथ ही आरती की गई। जिसके बाद कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। मंदिरों में अंतिम दिन भंडारे का आयोजन भी किया गया। प्रथम दिन मंदिरों में बोई गई जौ की हरियाली को गुरुवार को भक्तों को प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। इसके अलावा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे पंचायती नवरात्रों का भी पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया है। इस दौरान कई देवता नर अवतरित हुए और उन्होंने भक्तों को आशीर्वाद भी दिया।