विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केदारनाथ पैदल मार्ग पर थारू ग्लेशियर टूटा, 100 मीटर रास्ता क्षतिग्रस्त; पुनर्निर्माण कार्य प्रभावित

Published: Fri, 10 Apr 2026 03:52 PM (IST)

केदारनाथ पैदल मार्ग पर थारू ग्लेशियर का एक हिस्सा टूटने से यात्रा मार्ग 80-100 मीटर तक क्षतिग्रस्त हो गया।

HighLights

  1. केदारनाथ पैदल मार्ग पर थारू ग्लेशियर का हिस्सा टूटा

  2. गौरीकुंड से लिनचोली के पास 100 मीटर मार्ग क्षतिग्रस्त

  3. केदारनाथ यात्रा की तैयारियों को मिली नई चुनौती

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर थारू ग्लेशियर का एक हिस्सा टूटने से यात्रा मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।

शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे गौरीकुंड से लगभग 13.5 किलोमीटर दूर लिनचोली के पास अचानक भारी मात्रा में बर्फ और हिमखंड मार्ग पर आ गिरे।

इससे करीब 80 से 100 मीटर तक पैदल मार्ग पूरी तरह वाश आउट हो गया, जिसके चलते केदारनाथ धाम के लिए आने-जाने वाली आवाजाही ठप हो गई है।

Kedarnath Recent Photo

वहीं, केदारनाथ यात्रा शुरू होने से पहले इस घटना ने प्रशासन की तैयारियों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। फिलहाल घोड़े खच्चरों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गई है।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन मार्ग अवरुद्ध होने से घोड़ा-खच्चर संचालकों और श्रमिकों व यात्रा तैयारियों में लगे विभागीय अधिकारियों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने मार्ग पर आवागमन रोक दिया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनएस रजवार ने बताया कि थारू ग्लेशियर के टूटने से मार्ग बाधित हुआ है, लेकिन किसी के जनहानि होने की सूचना नहीं है।

उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मार्ग से बर्फ और मलबा हटाने के लिए श्रमिकों की तैनाती कर दी गई है।

राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि मौसम की स्थिति अनुकूल रहने पर जल्द ही मार्ग को पुनः बहाल कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- केदारनाथ यात्रा की तैयारियां तेज: बर्फबारी के बावजूद प्रशासन जुटा मार्ग सुगम बनाने में

यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather: केदारनाथ में गुरुवार को भी बर्फबारी जारी, अप्रैल में निकले गर्म कपड़े

यह भी पढ़ें- केदारनाथ में लगातार बर्फबारी, धाम में चार फीट तक बर्फ; पैदल रास्ता बंद और पाइप लाइन फ्रीज