केदारनाथ यात्रा रुकी: चीरबासा में मलबा-पत्थर आने से पैदल मार्ग बंद, यात्रियों को गौरीकुंड में रोका
केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा में मलबा और पत्थर आने से रास्ता अवरुद्ध हो गया, जिससे यात्रियों को गौरीकुंड में रोका गया है।
HighLights
चीरबासा में मलबा गिरने से केदारनाथ मार्ग अवरुद्ध हुआ
यात्रियों को सुरक्षा हेतु गौरीकुंड में रोका गया है
मार्ग खोलने के लिए बचाव कार्य जारी है
जागरण संवाददाता, रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर शनिवार सुबह चीरबासा में मलबा और पत्थर आने से रास्ता अवरुद्ध हो गया।
मार्ग बाधित होने के कारण सुरक्षा के दृष्टिगत यात्रियों को गौरीकुंड में रोक दिया गया। सूचना मिलने के बाद संबंधित विभागों को अलर्ट कर मार्ग खोलने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
मार्ग खोलने की कार्रवाई शुरू
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सबह को सुबह 7:22 बजे सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड ने चीरबासा में मलबा-पत्थर आने से केदारनाथ पैदल मार्ग बाधित होने की सूचना दी। इसके बाद जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित विभाग को अवगत कराया।
पीडब्ल्यूडी गुप्तकाशी के अवर अभियंता ने बताया कि मार्ग से मलबा और पत्थर हटाकर आवाजाही सुचारू करने के लिए मजदूरों को लगाया गया है। मौके पर पुलिस बल और रेस्क्यू टीम भी मौजूद है।
प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मार्ग की स्थिति सामान्य होने तक उन्हें गौरीकुंड में रोका गया है। मार्ग खुलने और आवाजाही सुरक्षित होने के बाद ही यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दिए जाने की संभावना है।
