केदारनाथ में उमड़ा भक्तों का जनसमुद्र, 39 दिन में 10 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन
केदारनाथ धाम में यात्रा शुरू होने के 39 दिनों के भीतर 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। कठिन चुनौतियों के बावजूद भक्तों का उत्साह चरम पर है।

केदारनाथ धाम में प्रतिदिन 25 से 30 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में इस वर्ष आस्था का अभूतपूर्व जनसमुद्र उमड़ रहा है। यात्रा शुरू होने के मात्र 39 दिन के भीतर बाबा केदार के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है।
प्रतिदिन 25 से 30 हजार श्रद्धालु धाम पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं, जबकि हेली से 40 हजार से अधिक यात्री दर्शन को पहुंचे।
केदारनाथ में भक्तों का रेला
चारधाम में सबसे कठिन मानी जाने वाली केदारनाथ यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं का उत्साह रिकार्ड स्तर पर दिखाई दे रहा है। 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से ही मंदिर परिसर में सुबह से देर शाम तक भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
- बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के चलते यात्रा लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। वहीं यात्रियों को इस बार कई चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
कठिनाइयों पर भारी आस्था
सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक शटल सेवा के लिए श्रद्धालुओं को तीन से चार किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ रहा है तथा घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इसके बाद 16 किमी की कठिन चढ़ाई पार कर यात्री केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं।
- धाम में भी दर्शन के लिए श्रद्धालु रात दो बजे से ही कतार में लगना शुरू कर दे रहे हैं। लंबा इंतजार होने के बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं हो रहा है।
यात्रा से कारोबार चमका
इस वर्ष हेली सेवा से भी अब तक 40 हजार से अधिक यात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की भारी आमद से स्थानीय व्यापारियों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में भी उत्साह है।
- होटल, लाज, रेस्टोरेंट, टेंट संचालक, घोड़ा-खच्चर व्यवसायी, पालकी संचालक तथा छोटे व्यापारियों को यात्रा से अच्छा लाभ मिल रहा है।
यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी विभाग पूरी तत्परता से कार्य कर रहे हैं। सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
विशाल मिश्रा, जिलाधिकारी
यह भी पढ़ें- केदारनाथ धाम में VIP दर्शन के लिए नई SOP जारी, अब मंदिर समिति काटेगी 1100 रुपये की पर्ची
यह भी पढ़ें- केदारनाथ धाम में VIP मेहमानों पर खर्च की जांच शुरू, BKTC ने बनाई 4 सदस्यीय समिति


