चारधाम की पवित्र छड़ी यात्रा ने किए केदार बाबा के दर्शन
संवाद सहयोगी रुद्रप्रयाग चारधाम की पवित्र छड़ी यात्रा का केदारनाथ पहुंचने पर जोरदार स्वाग
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग : चारधाम की पवित्र छड़ी यात्रा का केदारनाथ पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। शनिवार को छड़ी यात्रा केदारनाथ के दर्शन कर वापस गुप्तकाशी लौट आई है। रविवार को यात्रा बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना होगी।
बीते 12 अक्टूबर को हरिद्वार के मायादेवी मंदिर प्रांगण से प्रदेश के चारों धामों के साथ ही अन्य पौराणिक स्थलों तथा मठ मंदिरों के लिए छड़ी यात्रा की शुरूआत हुई थी। छड़ी यात्रा गंगोत्री, यमनोत्री धाम के दर्शन के करने के बाद बीते शुक्रवार को केदारनाथ पहुंची। जहां स्थानीय तीर्थ पुरोहित एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। एक दिन केदारनाथ में विश्राम करने के बाद शनिवार को यात्रा में शामिल सभी साधु-संतों ने बाबा केदार के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। साथ ही विश्व कल्याण की कामना की। केदारनाथ के दर्शनों के बाद छड़ी यात्रा शिव पार्वती विवाह स्थली त्रियुगीनारायण मंदिर पहुंची, जहां दर्शन करने के उपरान्त छड़ी यात्रा रात्रि विश्राम के लिए विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंची। रविवार को यात्रा बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना होगी। छड़ी यात्रा का विभिन्न स्थानों पर फूल मालाओं से जोरदार स्वागत हो रहा है। यात्रा का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म को बढ़ावा देने तथा जीर्ण-शीर्ण मठ मंदिरों, सिद्धपीठ स्थलों के प्रति जागरूकता लाना है। जिससे प्रदेश में श्रद्धालुओं के आगमन में वृद्धि होगी। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मुहैया होंगे। छड़ी यात्रा पांच नंवबर को हरिद्वार वापसी के साथ संपन्न होगी। यात्रा में श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय सभापति एवं पवित्र छड़ी यात्रा के प्रमुख महंत प्रेमा गिरी, उप प्रमुख महंत विद्यानंद सरस्वती, महंत धीरज गिरी, महंत पुष्पराज गिरि, महंत इंद्रानंद सरस्वती, महंत शिवदत्त गिरी के अलावा कई लोग साथ में चल रहे है।