केदारनाथ से बोरिया-बिस्तर समेटने लगी हेली कंपनियां
संवाद सूत्र, फाटा (रुद्रप्रयाग): केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने में अब चंद दिन ही शेष हैं।
संवाद सूत्र, फाटा (रुद्रप्रयाग): केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने में अब चंद दिन ही शेष हैं। इसे देखते हुए हेली कंपनियों ने भी धाम से बोरिया-बिस्तर समेटना शुरू कर दिया है। शनिवार को दो हेली कपनियों ने धाम के लिए अपनी सेवाएं बंद कर दी। अन्य सात कंपनियों कपाटबंदी से पूर्व अपना बोरिया-बिस्तर समेट लेंगी।
इस वर्ष डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन व शासन ने नौ हेली कंपनियों को केदारनाथ के लिए हवाई सेवाओं के संचालन की अनुमति दी थी। इनमें पवनहंस, यूटीआर, पिनैकल, ग्लोबल वैक्ट्रा, हिमालयन एविएशन, ट्रांस भारत, ऐरो एविएशन, आर्यन व हेरिटेज कंपनी शामिल हैं। बरसात में इन कपंनियों ने अपनी सेवाएं स्थगित रखीं और सितंबर पहले सप्ताह से दूसरे चरण की सेवाएं शुरू हुई। लेकिन, अब यात्रियों की संख्या में आई गिरावट और कपाटबंदी की तिथि नजदीक आते ही कंपनियों ने सेवाएं समेटनी शुरू कर दी हैं। शनिवार को ग्लोबल वैक्ट्रा व ऐरो एविएशन ने अपनी सेवाएं बंद दीं। हेली सेवाओं के नोडल अधिकारी पीएस पंवार ने इसकी पुष्टि की।