बेलणी वार्ड में डेढ़ लाख के जेवरात व नगदी चोरी
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग : नगर पालिका क्षेत्र के बेलणी वार्ड में चोरों ने एक घर से लगभग डेढ़ लाख रु
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग : नगर पालिका क्षेत्र के बेलणी वार्ड में चोरों ने एक घर से लगभग डेढ़ लाख रुपये के गहने व नगदी चोरी की है। पीड़ित ने राजस्व उप निरीक्षक को तहरीर देकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, एक सप्ताह पूर्व भी चोरों ने बेलणी में ही एक घर से दस लाख से अधिक के जेवर व नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ने से क्षेत्रवासियों में दहशत है। चोरी की घटनाओं पर अंकुश न लगने से पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बेलणी में किराए पर रहने वाले राजेंद्र सिंह फरस्वाण अपने परिवार के साथ गांव गए थे। गत 26 अक्तूबर को जब वे गांव से लौटकर बेलणी में अपने कमरे पर गए तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा पड़ा है। अंदर कमरे में भी सामान बिखरा हुआ है। अलमारी के लॉक को तोड़कर उसमें रखी दो सोने की माला व एक स्मार्ट फोन गायब मिला। पीड़ित ने तहसील रुद्रप्रयाग में जाकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
नायब तहसीलदार दर्शन लाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। वहीं, गत एक सप्ताह पूर्व भी बेलणी में एक महिला के घर से चोरों ने शादी के लिए रखे गहने व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। लेकिन, अभी तक इस घटना का भी खुलासा नहीं हो पाया है।