हेली सेवाओं पर भारी पड़ रहा केदारनाथ का मौसम
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग : केदारनाथ में लगातार मौसम खराब हो रहा है। जिसका सबसे बुरा असर हवाई सेवाओं
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग : केदारनाथ में लगातार मौसम खराब हो रहा है। जिसका सबसे बुरा असर हवाई सेवाओं पर पड़ रहा है। पिछले दो दिन में 95 प्रतिशत हवाई सेवाएं निरस्त हुई। वहीं हेली से बाबा के दर्शन करने जाने वाले यात्रियों के टिकट हेली सेवा प्रदाता कंपनियां निरस्त कर रही है। जिससे यात्री बिना दर्शन के ही वापस लौटने को मजबूर हैं। प्रतिदिन औसतन 30 प्रतिशत उड़ाने कैंसिल हो रही है।
केदारनाथ में यात्रा शुरू होने के बाद से ही मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। घने बादल छाने के साथ ही बारिश भी हो रही है। पिछले दो दिनों की बात करें तो मंगलवार व सोमवार को 95 प्रतिशत उड़ाने निरस्त हुई। मौसम खराब होने से यात्री बारिश में भीग रहे हैं और ठंड से बीमार भी पड़ रहे हैं। केदारनाथ के लिए रोजाना औसतन तीन सौ उड़ानों की बुकिग यात्रियों ने की हुई है। नौ हेली सेवा प्रदाता कंपनियां ढाई सौ उड़ान भरती हैं। पिछले दो दिन में मात्र पांच प्रतिशत उड़ाने ही हुई, जबकि 95 प्रतिशत उड़ाने निरस्त हुई। लगभग ढाई सौ यात्री हेली टिकट बुकिग के बाद भी केदारनाथ हेली सेवा से नहीं पहुंच पा रहे हैं। इन सभी यात्रियों के टिकट हेली कंपनियां कैंसिल कर रही है। केदारनाथ के लिए रोजाना औसतन डेढ़ हजार से दो हजार यात्री हेली सेवा से दर्शनों को पहुंच रहे हैं।
टिकट कैंसिल होने पर कई यात्री पैदल मार्ग से ही बाबा के दर्शनों को पहुंच रहे हैं। जबकि कई यात्री बिना दर्शन के ही वापस लौट रहे हैं। बुकिग कैंसिल होने से हेली कंपनियों के दफ्तरों में भी यात्री खूब हंगामा काट रहे हैं। लेकिन, मौसम की मार के चलते बुकिग निरस्त करना ही एक मात्र विकल्प है।
केदारनाथ में हेली सेवा के सहायक नोडल अधिकारी एसएस पंवार ने बताया कि रोजाना तीस प्रतिशत उड़ाने निरस्त हो रही है। मौसम केदारनाथ में लगातार खराब हो रहा है। जिस कारण यह समस्या आ रही है। उन्होंने कहा कि यात्रियों के टिकट कैंसिल किए जा रहे हैं। ताकि दूसरे दिन अव्यवस्था न हो।