दोषी हुआ तो सजा भुगतने को तैयार: नौटियाल
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश नौटियाल ने आरोप लगाया कि उनके कार्य
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश नौटियाल ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में विकास कार्यों मे गड़बड़ी का झूठा प्रचार किया जा रहा है। कुछ लोग षडयंत्र के तहत उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच होने पर स्पष्ट हो जाएगा कि उनके कार्यकाल में घोटाला हुआ या नहीं। यदि मैं दोषी हुआ तो सजा भुगतने को तैयार हूं।
नगर पालिका रुद्रप्रयाग के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि वह स्वयं इस बात के पक्षधर हैं कि उनके कार्यकाल में जो भी कार्य हुए हैं, उनकी जांच हो। आरोपों की सच्चाई सबके सामने आनी चाहिए। साथ ही, वह लोग भी बेनकाब होने चाहिए, जो इस तरह के आरोप लगाकर उनकी छवि को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के विकास में इन लोगों ने हमेशा व्यवधान डालने का प्रयास किया। अपनी कमियों को छिपाने के लिए वह लगातार दुष्प्रचार का सहारा लेते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी इन मामलों की जांच शासन-प्रशासन तथा विजिलेंस स्तर की हो चुकी है, जिसमें कुछ भी गड़बड़ी नहीं पाई गई।