स्वच्छता का ऐसा जुनून, शादी में दूल्हा-दुल्हन को उपहार में देते हैं कूड़ादान
एक इंजीनियर को स्वच्छता का ऐसा जुनून है कि वह लोगों को इसके लिए जागरूक करने के साथ ही नए प्रयोग करते हैं। वह शादी के मौके पर दुल्हा दुल्हन को उपहार स्वरूप कूड़ादान भेंट करते हैं।
रुद्रप्रयाग, जेएनएन। एक इंजीनियर को स्वच्छता का ऐसा जुनून है कि वे लोगों को इसके लिए जागरूक करने के साथ ही नए प्रयोग अपना रहे हैं। अब वह शादी के मौके पर दुल्हा दुल्हन को उपहार स्वरूप कूड़ादान भेंट करते हैं।
शादी समारोह में अक्सर दूल्हा दुल्हन को वैसे तो उपहार में अलग-अलग कीमती सामान दिए जाते हैं। वहीं, एक प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत भवान रावत दूल्हा-दुल्हन को उपहार में कूड़ेदान भेंट करते हैं।
उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित होकर मेरा गांव स्वच्छ गांव अभियान शुरू किया है। चमोली जिले के दूरस्थ गांव कोसा निवासी इंजीनियर भवान रावत पिछले एक साल से इस अभियान में जुटे हैं।
स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित होकर इंजीनियर भवान सिंह ने इसकी तर्ज पर मेरा गांव स्वच्छ गांव अभियान छेड़ा है। इसके तहत वह गांव-गांव जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर कूड़ेदान भी देते हैं।
अब तक वह डेढ़ सौ से अधिक गांव में कूड़ेदान वितरित कर चुके हैं। वह खुद की सैलरी से ही वह इस अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं। अब उन्होंने घर-घर कूड़ादान पहुंचाने का नया तरीका अपनाया है।
जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग में एक शादी समारोह में भी इंजीनियर श्री रावत ने दूल्हा-दुल्हन को उपहार में कूड़ादान भेंट किया। अब तक वह कई शादी समारोह में दूल्हा-दुल्हन को ऐसा उपहार भेंट कर चुके हैं। उनका मानना है कि ऐसे मौके पर कूड़ेदान भेंट करने से लोगों में अधिक जागरूकता फैलेगी।
वहीं दूल्हा मनमोहन सिंधवाल ने भी इस पहल की प्रशंसा की। कहा कि अपने घर, गांव और देश को स्वच्छता में आगे लाना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि इस मुहीम के प्रति वह भी लोगों को जागरूक करने का प्रयास करेंगे।
यह भी पढ़ें: जंगली जानवरों से फसल बचाने को मां के आंचल का सहारा, पढ़िए पूरी खबर
यह भी पढ़ें: चढ़ावे के फूल बने महिलाओं के लिए वरदान, बना रहीं धूपबत्ती, सुधर रही आर्थिकी
यह भी पढ़ें: हाथी की सीख से बदला खेती का तरीका, आज छू रहे बुलंदियां