शून्य से नीचे तापमान और बर्फीली राह पर 10 किमी पैदल चले डीएम, जानिए
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मंगेश कुमार घिल्डियाल ने शून्य से नीचे तापमान और बर्फीली राह पर पैदल चलकर केदारपुरी में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया।
रुद्रप्रयाग, जेएनएन। शून्य से नीचे तापमान और बर्फीली राह पर पैदल चलकर जिलाधिकारी मंगेश कुमार घिल्डियाल ने केदारपुरी में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने विषम परिस्थितियों के बावजूद यहां काम पर जुटी संस्थाओं की हौसला अफजाई की। जहां कहीं कुछ खामी खटकी, उसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी घिल्डियाल ने अपने दो दिवसीय दौरे में गौरीकुंड से केदारनाथ पैदल मार्ग और केदारपुरी पुनर्निर्माण कार्यों की गति देखी। पैदल ट्रैक इनदिनों करीब दस किलोमीटर तक पूरी तरह बर्फ से ढका हुआ है। रविवार को जिलाधिकारी अधीनस्थ अफसरों की टीम के साथ पैदल सफर तय कर केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने गौरीकुण्ड से केदारनाथ धाम तक पैदल मार्ग के चौड़ीकरण, मरम्मत कार्य व सुरक्षा कार्यों का मुआयना किया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को उन्होंने गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न करने की हिदायत दी। साथ ही रुद्रा प्वाइंट में कीचड़ की समस्या से निजात पाने के लिए यात्रा शुरू होने से पहले खडंजा और नाली निर्माण का कार्य पूरा कराने को कहा।
डीएम ने केदारनाथ पैदल ट्रैक पर निर्माणाधीन आठ अस्पतालों के निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष जताया। कहा कि, अगले वर्ष यात्रा शुरू होने से पूर्व गौरीकुण्ड से केदारनाथ धाम तक रुद्रा प्वाइंट, छानी कैम्प, लिनचोली, छोटी लिनचोली, रामबाड़ा, भीमबलि, जंगलचट्टी में बन रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में यात्रियों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने लगेंगी।
केदारपुरी में शंकराचार्य समाधि स्थल निर्माण, तीर्थपुरोहित आवास स्थल, सरस्वती व मंदाकिनी नदी पर आस्था पथ व घाट निर्माण कार्यों की स्थिति से डीएम संतुष्ट दिखे। कहा कि, महीनेभर के भीतर आस्था पथ, घाट और दीवार का निर्माण कार्य पूर्ण होने की उम्मीद है। तीर्थपुरोहितों के आवासों का कार्य भी तेज गति से चल रहा है।
यह भी पढ़ें: होम स्टे से बेरोजगारी पर स्टे लगा रहे हैं यहां के ग्रामीण युवा, जानिए
यह भी पढ़ें: सहारे और संघर्ष की दास्तान है एमबीए नेहा की चाय की दुकान, जानिए इनकी कहानी