सोने के गहनों में पानी चढ़ाने के नाम पर ठगी
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: सोने के गहनों को चमकाने के नाम पर एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला की गले
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: सोने के गहनों को चमकाने के नाम पर एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला की गले की चेन को साफ करते समय एक तोला सोना निकाल लिया। पीड़ित महिला को जब तक इसका पता चलता, तब तक उक्त व्यक्ति फरार हो चुका था। थाना गुप्तकाशी में सूचना देने के बाद पुलिस ने काफी ढूंढ-खोज की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
गत दिवस पूर्व ग्राम पंचायत नाला के अंतर्गत ह्यूण गांव में सुबह दस बजे एक व्यक्ति ने पुराने बर्तनों को चमकाने के लिए ग्रामीणों से कहा। कई लोग अपने घरों से पुराने पीतल व स्टील के बर्तन ले आए। उक्त व्यक्ति ने कैमिकल डालकर बर्तनों को चमका दिया। गांव की एक महिला ने गले से सोने की चेन निकालकर उसे साफ करने के लिए दी। कुछ देर तक किसी कैमिकल में डालने के बाद उसे एक पुड़िया में पैक करके यह कहकर महिला के हाथ में दिया कि उसे दो घंटे के लिए हल्दी में रख दो, उसके बाद सोने में निखार आ जाएगा। व्यक्ति के वहां से भागने के बाद शक के आधार पर जब महिला ने पुडि़या को खोलकर देखा तो पता चला कि उसमें से आधा सोना निकल चुका था। घबराई महिला ने गांव के लोगों को एकत्रित थाना गुप्तकाशी को इसकी सूचना दी। पुलिस ने महिला के बताए गए हुलिए के आधार पर उक्त व्यक्ति की काफी खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिल पाया। थानाध्यक्ष गुप्तकाशी राजेंद्र रौतेला ने कहा कि लोगों को सजग किया कि वह ऐसे लोगों के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि यदि कोई ऐसा व्यक्ति किसी गांव में आता है तो वह पुलिस को सूचना दें।