नियमित अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी जांच को लेकर महिलाओें ने किया प्रदर्शन
पिथौरागढ़ महिला चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी जांच की मांग को लेकर महिलाओं ने प्रदर्शन किया।
पिथौरागढ़, जेएनएन : महिला चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी जांच की मांग को लेकर बजेटी वार्ड की महिलाओं ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया।
महिला बचाओ शिशु बचाओ अभियान के तहत जगदीश कुमार की अगुवाई में प्रदर्शन करते हुए महिलाओं ने कहा कि पांच लाख की आबादी वाले सीमांत जिले के महिला चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड जांच की व्यवस्था नहीं है। पड़ोसी जनपद चम्पावत से सप्ताह में एक दिन चिकित्सक बुलाकर महिलाओं की जांच कराई जा रही है, इसके लिए महिलाओं को पूरे सप्ताह इंतजार करना पड़ता है। जांच के लिए धारचूला, मुनस्यारी जैसे दूरस्थ क्षेत्र की महिलाओं को तीन दिन खर्चने पड़ते हैं। महिलाओं ने महिला चिकित्सालय में पैथोलॉजी जांच की सुविधा नहीं होने पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को बार-बार जांचों की जरू रत होती है। गरीब परिवारों की महिलाएं निजी जांच केंद्रों से जांच कराने को मजबूर हैं। महिलाओं ने चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। सीएमओ डॉ. ऊषा गुंज्याल ने कहा है कि महिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट का पद सृजित नहीं होने से समस्या आ रही है। रेडियोलॉजिस्ट का पद सृजित करने के लिए निदेशालय को पत्र भेजा गया है।