महिला चिकित्सालय की हालत सुधारो वरना होगा उग्र आंदोलन
बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में मंगलवार को पिथौरागढ़ की सिल गांव की महिलाओं ने प्रदर्शन किया।
पिथौरागढ़, जेएनएन : मां बचाओ- शिशु बचाओ अभियान के तहत मंगलवार को सिल गांव की महिलाओं ने प्रदर्शन कर महिला चिकित्सालय की दशा सुधारने की मांग की।
गांव में पूर्व प्रधान संजय चौहान की अगुवाई में प्रदर्शन करते हुए महिलाओं ने कहा कि सीमांत जिले में आधी आबादी के लिए एकमात्र सहारा जिला मुख्यालय स्थित महिला चिकित्सालय ही है। जिले के साथ ही पड़ोसी जनपदों और नेपाल की महिलाएं भी इसी अस्पताल के सहारे हैं। महत्वपूर्ण अस्पताल होने के बावजूद यहां व्यवस्थाएं पूरी तरह लड़खड़ाई हुई हैं, जिसका खामियाजा आम महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। महिलाओं ने अस्पताल में नियमित रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के साथ ही पैथोलॉजी जांच की सुविधाएं दिए जाने की मांग उठाई। महिलाओं ने कहा कि व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो पूरे जिले की महिलाएं सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगी। प्रदर्शन करने वालों मे सुंदरी देवी, देवकी देवी, सरस्वती देवी, विमला राठौर, गोदावरी देवी, पूजा चौहान, कुंती देवी, ज्योति चौहान, बसंती देवी, कौशल्या देवी, दीपा चौहान, दर्शना देवी, बबीता आदि शामिल थीं।