पिथौरागढ़ जिले में धूमधाम से मनाई गई वसंत पंचमी, लोगों ने मां सरस्वती की विधिवत पूजा अर्चना
वसंत पंचमी पर्व पिथौरागढ़ जिले में धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने विधि विधान से मां सरस्वती की अर्चना की।
पिथौरागढ़, जेएनएन : वसंत पंचमी पर्व जिले भर में मनाया गया। लोगों ने विधि विधान से मां सरस्वती का पूजन किया। नन्हे बच्चों के विद्यारंभ संस्कार के साथ ही साथ जिले के घाटों में बड़ी संख्या में उपनयन संस्कार भी हुए।
सरस्वती शिशु मंदिर नया बाजार में विधि विधान से सरस्वती पूजन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि कल्पना जोशी ने मां सरस्वती के चित्र का अनावरण किया। विद्यालय के आचार्य राजेंद्र जोशी ने गणेश पूजन कराया। इस अवसर पर कई बच्चों का विद्यारंभ संस्कार हुआ। इस अवसर पर कमला कार्की, पुष्पा जोशी, राधिका, तनूजा, द्वारिका प्रसाद सहित तमाम लोग मौजूद थे।
हंसेश्वर, रामेश्वर, थल आदि घाटों में बड़ी संख्या में उपनयन संस्कार हुए। उपनयन के लिए दूरदराज से लोग घाटों में पहुंचे। घाटों पर स्थित मंदिरों में दिन भर पूजा अर्चना के कार्यक्रम चले। देर रात भजन संध्या आयोजित की गई। लोगों ने घरों में विधि विधान से मां सरस्वती का पूजन कर बसंत ऋतु का स्वागत किया। छोटे बच्चों ने पीले वस्त्र, रू माल आदि धारण किए। एशियन एकेडमी स्कूल में पूजा अर्चना के साथ छोटी कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले बच्चों का विद्यारंभ संस्कार कराया गया। विद्यालय के प्रबंधक वीरेंद्रानंद ने कहा कि बुद्धिमता एवं चरित्र का विकास ही शिक्षा के मूल उद्देश्य होने चाहिए। विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वागीण विकास में लगा हुआ है। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य यशोदा पाठक, प्रकाश सिंह, एमएस बोरा, शेफाली कठायत, नीलम खत्री, महेश नेगी, निर्मला कापड़ी, गीता असवाल, शांति चंद आदि मौजूद रहे।