जनरल ओबीसी कर्मियों के आंदोलन के समर्थन में उत्तराखंड क्रांति दल ने किया प्रदर्शन
पिथौरागढ़ में पदोन्नति में आरक्षण खत्म करने की मांग को लेकर आंदोलनरत कर्मियों को उक्रांद ने समर्थन दिया।
पिथौरागढ़, जेएनएन : विगत दो मार्च से पदोन्नति में आरक्षण खत्म करने की मांग को लेकर आंदोलनरत जनरल-ओबीसी कर्मचारियों के समर्थन में उक्रांद ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर आक्रोश प्रकट किया। कार्यकर्ताओं ने कर्मचारियों की मांग को जायज ठहराते हुए प्रदेश के राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर अविलंब इस ओर उचित कार्यवाही करने की मांग की है।
मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय के निकट उक्रांद जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पुनेड़ा के नेतृत्व में एकत्र कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों के आंदोलन को दो सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, मगर सरकार अभी तक उनकी कोई सुध नहीं ले रही है। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सरकारी कार्यालयों में कामकाज ठप पड़े हैं। जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। दल के शीर्ष नेता काशी सिंह ऐरी ने कहा कि कर्मचारियों की मांग न्यायोचित व वैधानिक है, मगर सरकार वोट बैंक के खातिर इस पर निर्णय लेने से परहेज कर रही है। इससे प्रतीत होता है कि सरकार वैधानिक रू प से कार्य करने में असक्षम हो गई है। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल को इस आशय का एक ज्ञापन भेजा। जिसमें उन्होंने कर्मचारियों की न्यायोचित मांग पर अविलंब कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही सरकार की ओर से इस ओर कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर राज्य सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू किए जाने की सिफारिश करने की मांग की। इस मौके पर चंद्रशेखर कापड़ी, पुष्कर धामी, मदन पोखरिया, प्रेम सिंह बोरा, गंगा धामी, कृष्णा सिंह, पूरन बिष्ट, अनिल धामी, बसंत सिंह आदि शामिल रहे।