कूड़े का उठान न होने से शहर की स्वच्छता पर लग रहा दाग
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: नगर में कूड़ा निस्तारण की समस्या गंभीर होती जा रही है। कूड़े का उठा
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: नगर में कूड़ा निस्तारण की समस्या गंभीर होती जा रही है। कूड़े का उठान नहीं होने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो रहा है। मच्छरों की तादात बढ़ने से बीमारियों की आशंका गहरा रही है। नाराज लोगों ने कूड़ा निस्तारण नहीं करने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है।
नगर के सिनेमा लाइन मार्ग में पिछले कुछ दिनों से कूड़े का उठान नहीं हुआ है, जिससे सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लग गए हैं। कूड़े से उठ रही दुर्गन्ध के चलते लोगों का घरों में रह पाना मुश्किल हो गया है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता शंकर जोशी ने बताया कि कूड़े के चलते बड़ी संख्या में मच्छर पैदा हो रहे हैं। जिससे बीमारी की आशंका भी बड़ रही है। उन्होंने कहा कि सूचना देने के बाद भी नगर पालिका कूड़ा निस्तारण के लिए कोई पहल नहीं कर रही है। उन्होंने अगर जल्द कूड़ा नहीं तो सड़कों पर आंदोलन जारी किया जाएगा। यही हाल बजेटी वार्ड के अंतर्गत जीआइसी- पौण पैदल मार्ग की भी है। मार्ग में जगह- जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिसके चलते लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोग कूड़े की समस्या से पालिका प्रशासन को अवगत करा चुके हैं, लेकिन पालिका ने अभी तक इस दिशा में कोई पहल नहीं की है। इससे क्षेत्र के लोगों में गहरी नाराजगी है।