स्कूल की चहारदीवारी गिरने से दो छात्राएं घायल
संवाद सूत्र गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय से करीब 19 किमी दूर राइंका पव्वाधार में इंटरवेल के दौरान
संवाद सूत्र, गंगोलीहाट : तहसील मुख्यालय से करीब 19 किमी दूर राइंका पव्वाधार में इंटरवेल के दौरान नल से पानी पीते समय विद्यालय की चहारदीवारी गिरने से दो छात्राएं घायल हो गई। गंभीर रू प से घायल एक छात्रा को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, दूसरी छात्रा स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती है।
राइंका पव्वाधार में शुक्रवार को इंटरवेल के समय कक्षा 8 की छात्रा कविता जोशी, पुत्री दिगंबर जोशी निवासी रोलधार विद्यालय में स्थित नल से पानी पी रही थी। इस दौरान पास के ही विद्यालय वैसोलिया पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाली कक्षा दो की छात्रा प्राची, पुत्री सुरेश राम भी पानी पीने वहां पहुंच गई। तभी नल से सटे विद्यालय की चार फिट ऊंची चहारदीवारी अचानक गिर गई। जिससे गिरे पत्थर से कविता व प्राची घायल हो गए। इससे विद्यालय में हड़कंप मच गया। कविता के सिर और पांव में गंभीर चोट आई है। वहीं, प्राची का पैर भी जख्मी हो गया। दोनों घायलों को 108 की मदद स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक डॉ. पवन कार्की ने कविता की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे में घायल दूसरी छात्रा प्राची को भर्ती किया गया है। लोगों के मुताबिक राइंका पव्वाधार की चहारदीवारी पहले से ही क्षतिग्रस्त थी। चहारदीवारी के नीचे से पत्थर निकले थे।