यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं वाहन चालक
संस पिथौरागढ़ नगर की सड़कों पर बाइकर्स और वाहन चालक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सड़
संस, पिथौरागढ़: नगर की सड़कों पर बाइकर्स और वाहन चालक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सड़कों पर तेज गति से चल रहे वाहनों के कारण लोगों का सड़कों पर पैदल चलना तक दूभर हो चुका है।
नगर के घंटाकरण -चंडाक रोड पर बाइकर्स और वाहन चालकों का आतंक बना हुआ है। चंडाक रोड पर घंटाकरण तिराहे तक तो पुलिस के जवान तैनात रहते हैं इससे आगे पुलिस नहीं रहती है। जैसे ही घंटाकरण तिराहा पार होता है तो युवा बाइक चालक यातायात नियमों की खिल्ली उड़ाते नजर आते हैं। बिना साइलेंसर लगे वाहन चलते हैं। वाहनों की गति काफी तेज रहती है। अधिकांश वाहन चालक बिना हेलमेट पहने होते हैं। यहां तक कि बाइक और स्कूटर और स्कूटी में तक तीन -तीन लोग सवार होते हैं।
इस मार्ग पर नौसिखिए और युवा वाहन चालकों का खौफ बना रहता है। कार की गति पर कोई नियंत्रण नहीं होता है। जिसके चलते पैदल चलने वाले लोग परेशान रहते हैं।
घंटाकरण से लेकर चंडाक तक पुलिस कहीं भी नजर नहीं आती है। कभी कभार महिला आइटीआइ के पास नजर आने वाली पुलिस कुछ वाहनों की चेंिकंग की रस्म अदायगी भर कर देती है। यह मार्ग सुबह और शाम लोगों के घूमने का मार्ग है। वाहन चालकों की अंधेरगर्दी के चलते लोग परेशान रहते हैं। जनता ने पुलिस से चंडाक मार्ग पर नियमित पुलिस गश्त लगाने की मांग की है। अमूमन सायं सात बजे के बाद बाइक और कार वालों का तांडव देखने को मिलता है।