कार्यकर्ताओं को दिए मतदान प्रतिशत बढ़ाने के टिप्स
जासं पिथौरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश्
जासं, पिथौरागढ़ : विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने बूथ प्रभारियों सहित कार्यकर्ताओं को मतदान प्रतिशत बढ़ाने को कहा है। उन्होंने कहा कि दिवंगत नेता प्रकाश पंत को वोट के माध्यम से ही सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विषम परिस्थितियों में हो रहा है।
शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र के 145 बूथों के बूथ प्रभारी और बूथ अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने कहा कि कार्यकर्ताओं को मतदान बढ़ाना है। इसके लिए कार्यकर्ता घर -घर जाकर मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए प्रोत्साहित करें। मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए नगर और गांवों में जनसम्पर्क अभियान तेज करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी गफलत में न रहें और चुनाव को लेकर गंभीरता के साथ कार्य करें।
प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि पंचायत चुनावों में जिस तरह 70 से 75 फीसद पद भाजपा के पक्ष में आए हैं, उसी तरह उप चुनाव में कुल मतों का 70 से 75 फीसद मत भाजपा के पक्ष में जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकाश पंत के अधूरे कार्यो को पूरा करने के लिए चंद्रा पंत को प्रतिष्ठित करना है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव खुशी का नही अपितु दर्द का चुनाव है।
प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी ने कहा कि विस क्षेत्र के 31 शक्तिकेंद्रों में कुशल वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ता बूथों को जिताने के लिए घर-घर जाकर वोटरों से सम्पर्क कर भाजपा के पक्ष में वोट डलवाएं। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने की। बैठक में प्रदेश के भाजपा संगठन मंत्री अजेय, जिलाध्यक्ष विरेंद्र वल्दिया, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, दर्जा राज्यमंत्री शमशेर सिंह सत्याल, अध्यक्ष केएमवीएन केदार जोशी सहित 145 बूथों के अध्यक्ष, प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, शक्तिकेंद्र प्रभारी और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।