धारचूला की चौदास घाटी में तीन फिट हिमपात
धारचूला : तहसील के उच्च हिमालयी दारमा, व्यास घाटी में तो बीते चार दिनों से हिमपात जारी है।
धारचूला : तहसील के उच्च हिमालयी दारमा, व्यास घाटी में तो बीते चार दिनों से हिमपात जारी है। शनिवार को चौदास में भी हिमपात होने लगा है। पांगू से लेकर नारायण आश्रम तक का क्षेत्र बर्फ से लकदक हो चुका है। हिमपात से चौदास घाटी के 14 गांवों की दुश्वारियां बढ़ रही हैं।
चौंदास की चोटियों में तो बीते रोज से ही हिमपात हो रहा था। शनिवार दोपहर बाद पूरी चौदास घाटी में हिमपात हो चुका है। तवाघाट - नारायण आश्रम मोटर मार्ग पांगू से लेकर नारायण आश्रम तक बर्फ से ढक चुका है। बर्फबारी बढ़ने पर मार्ग बंद होने के आसार बने हैं। चौदास घाटी में पांगू से ही गांवों का सिलसिला जारी है। पांगू के निकट हिमखोला में भारी हिमपात हो रहा है। बीते दिनों हुआ हिमपात अभी पिघला भी नहीं था कि इधर एक बार फिर भारी हिमपात से चौदास के 14 गांव प्रभावित होने के आसार बन रहे हैं। इस क्षेत्र की लाइफ लाइन टीएन- नारायण आश्रम मोटर मार्ग है। इसके बंद होने पर गांवो तक आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति ठप हो सकती है। जिससे क्षेत्र में अभाव की स्थिति पैदा हो सकती है। क्षेत्र के कुछ गांवों में तीन फीट तक बर्फ गिर चुकी है।