गणतंत्र दिवस पर भारत-नेपाल सीमा पर रहेगी विशेष चौकसी
गणतंत्र दिवस (आज) भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में विशेष चौकसी रहेगी।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: गणतंत्र दिवस (आज) भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में विशेष चौकसी रहेगी। सीमा क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बल लगातार काम्बिंग में जुटे हैं।
भारत और नेपाल के बीच लंबी खुली सीमा है। आवागमन के लिए कुछ नाके निर्धारित हैं। इसके बावजूद दोनों देशों के बीच खुली सीमा से अवैध तरीके से भी आवागमन होता रहता है। तस्करी की आशंका भी इस क्षेत्र में बनी रहती है। भारतीय क्षेत्र में सुरक्षा के लिए एसएसबी तैनात की गई है। गणतंत्र दिवस और विधानसभा चुनाव को देखते हुए इन दिनों सीमा क्षेत्र में विशेष चौकसी बरती जा रही है। एसएसबी और पुलिस की टीम कांबिंग कर रही हैं। सुरक्षा बल ग्रामीण क्षेत्रों के साथ बैठक कर संवाद बनाए हुए हैं। पुलिस ने सीमा क्षेत्र में रहने वाले लोगों से किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बलों को इसकी जानकारी दिए जाने का अनुरोध किया है। ======= सात पेटी अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : चुनाव में अवैध शराब के उपयोग पर सख्ती से अंकुश के लिए पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को पुलिस ने जाजरदेवल थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो लोगों से सात पेटी अवैध शराब बरामद की। शराब एक वाहन में रखकर ले लाई जा रही थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (आपरेशन) सुमित पांडेय की अगुवाई में पुलिस टीम ने वड्डा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। लेलू रोड से गुजर रही एक कमांडर जीप पर संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने जीप की तलाशी ली। तलाशी लिए जाने पर पुलिस को जीप से विभिन्न ब्रांड की सात पेटी अवैध शराब मिली। पुलिस ने जीप में सवार भुवन सिंह और घनश्याम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई अमल में लाए जाने के निर्देश दिए हैं।