मौसम ने रोकी है नंदा देवी में रेस्क्यू की राह
जासं पिथौरागढ़ नंदा देवी में लापता सात विदेशी पर्वतारोहियों और एक भारतीय लाइजन अफसर की ख्
जासं, पिथौरागढ़: नंदा देवी में लापता सात विदेशी पर्वतारोहियों और एक भारतीय लाइजन अफसर की खोज कार्य में मौसम बाधक बना है। उच्च हिमालय में शुक्रवार की रात को भी हिमपात हुआ है। रेस्क्यू दल नंदा देवी बेस कैंप दो पर अभ्यास कर रहा है। शनिवार तक यहां पर अभ्यास करना है।
दो जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में आइटीबीपी के नेतृत्व में 32 सदस्यों का दल गया है। पर्वतारोही दल का नेतृत्व आइटीबीपी के पर्वतारोही आरएस सोनाल कर रहे हैं। नंदा देवी बेस कैंप दो में दल विगत दिनों से अभ्यास कर रहा है। इस दौरान उच्च हिमालय में मौसम खराब है। दो दिन पूर्व यहां पर हिमपात हुआ था। शुक्रवार की रात को भी उच्च हिमालय में नंदा देवी सहित अन्य चोटियों पर हिमपात हुआ है। शनिवार दिन में भी अपरान्ह तक क्षेत्र में मौसम खराब बताया गया है। रेस्क्यू अभियान के लिए सारे उपकरण और सामग्री बेस कैंप तक पहुंचा दी गई है। मौसम खुलते ही यहां पर रेस्क्यू कार्य का अगला चरण प्रारंभ होगा।
प्रशासन सहित जानकार लोगों का कहना है कि नंदा देवी क्षेत्र में रेस्क्यू कार्य पूरी तरह मौसम पर निर्भर है। मौसम साफ रहने पर कार्ययोजना के तहत कार्य होगा और नजर आ रहे शवों को निकालने का कार्य किया जाएगा।