थरकोट झील निर्माण में फिर फंसा पेच
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : जिला मुख्यालय के नजदीक थरकोट में प्रस्तावित झील निर्माण में फिर पेच
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : जिला मुख्यालय के नजदीक थरकोट में प्रस्तावित झील निर्माण में फिर पेच फंस गया है। भूमि मुआवजे के लिए सरकार से अभी तक धनराशि जारी नहीं हुई है। मुआवजा बांटने के लिए साढ़े चार करोड़ की दरकार है।
डेढ़ दशक से प्रस्तावित थरकोट झील के निर्माण को वर्तमान सरकार ने स्वीकृति दी है। इसके लिए नाबार्ड से धनराशि दी जानी है। फिलहाल नाबार्ड ने टोकन मनी के रू प में 20 लाख की धनराशि जारी की है। झील निर्माण पर 29 करोड़ की धनराशि खर्च होगी। विभाग ने निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली है, लेकिन इस बीच झील निर्माण से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों ने अपनी भूमि का मुआवजा दोगुना किए जाने की मांग रख दी है। इससे कम मुआवजे पर ग्रामीण झील निर्माण के लिए सहमत नहीं हैं। सरकार भी मुआवजा देने को तैयार है, लेकिन मुआवजा वितरण के लिए धनराशि जारी नहीं की गई है। इसके लिए 4.5 करोड़ की धनराशि की दरकार निर्माण एजेंसी सिंचाई विभाग की ओर से की गई है। मुआवजा वितरण के लिए धनराशि मिलने के बाद ही काम आगे बढ़ने की उम्मीद है। जिले के लोग लंबे समय से झील निर्माण का इंतजार कर रहे हैं। झील के निर्माण से जहां पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा, वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
----------
झील निर्माण के लिए ड्रिलिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। मुआवजे के लिए धनराशि की डिमांड शासन को भेजी गई है। धनराशि मिलते ही मुआवजे का वितरण कर कार्य तेजी से शुरू कर दिया जाएगा।
-बीसी उपाध्याय, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग