आदि कैलास की तलहटी में 14 हजार फीट की ऊंचाई पर खुलेगा अस्पताल
14 हजार फिट की ऊंचाई पर खुलेगा अस्पताल
आदि कैलास की तलहटी में 14 हजार फीट की ऊंचाई पर खुलेगा अस्पताल
-पाजिटिव न्यूज-
फोटो: ऊं पर्वत
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : चीन सीमा से सटे भारतीय क्षेत्र जौलिंगकांग में प्रशासन जल्द अस्पताल खोलेगा। इतनी ऊंचाई पर जिले का यह पहला अस्पताल होगा। अस्पताल खुल जाने से आदि कैलास यात्रियों के साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
चीन सीमा तक सड़क बन जाने के बाद अब व्यास वैली में बड़ी संख्या में पर्यटक आ रहे हैं। पिछले दो माह में ही तीन हजार से अधिक लोग इस क्षेत्र में पहुंच चुके हैं। मैदानी क्षेत्रों से आने वाले पर्यटकों को सांस लेने में दिक्कत, डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं अक्सर आती हैं। क्षेत्र में सरकारी अस्पताल नहीं होने से लोगों को उपचार नहीं मिल पाता। सेना और आइटीबीपी के चिकित्सक आपातकालीन स्थितियों में लोगों को मदद देते हैं।
प्रशासन ने अब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित ज्योलिंगकांग में अस्पताल खोलने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने बताया कि इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया है। जल्द अस्पताल शुरू कर दिया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही क्षेत्र में आदि कैलास, ऊं पर्वत आदि के दर्शनों के लिए आने वाले पर्यटकों को भी चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
---
थल महिला चिकित्सालय में 14 साल बाद महिला चिकित्सक की हुई नियुक्ति
संवाद सूत्र, थल : गोचर महिला अस्पताल में 14 साल के लंबे इंतजार के बाद महिला चिकित्सक की तैनाती हो गई है। इस व्यवस्था से थल, बेरीनाग, डीडीहाट तहसील क्षेत्र की महिलाओं को लाभ मिलेगा। अब उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए 55 किमी दूर जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। गोचर में महिला चिकित्सक की तैनाती होने पर क्षेत्र की जनता ने खुशी जताई है।
गोचर अस्पताल में वर्ष 2008 से महिला चिकित्सक का पद रिक्त चल रहा था। अभी तक अस्पताल एएनएम व नर्सिंग आफिसर के सहारे ही चल रहा था। महिलाओं की डिलीवरी का कार्य भी इन्हीं के कंधों पर था। महिला चिकित्सक नहीं होने से गर्भवती महिलाओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्हें गर्भावस्था के दौरान होने वाले परीक्षण के लिए जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ रही थी। क्षेत्र की जनता द्वारा लंबे समय से महिला चिकित्सक की तैनाती की मांग की जा रही थी। चार सप्ताह पूर्व डीडीहाट विकासखंड की बीडीसी बैठक में ब्लाक प्रमुख बबीता चुफाल ने भी यह मामला प्रमुखता से उठाया था। विगत दिनों शासन स्तर पर जनपद में 24 नए चिकित्सकों की तैनाती की गई। इसी क्रम में सोमवार को थल महिला अस्पताल में महिला चिकित्सक डा. योगिता विश्वकर्मा की नियुक्ति हुई। नवनियुक्त चिकित्सक डा. योगिता ने एलएमओ का चार्ज भी संभाल लिया है। लंबे समय के बाद महिला चिकित्सक की नियुक्ति होने पर स्थानीय जनता में जहां खुशी माहौल है। वहीं, ब्लाक प्रमुख बबीता चुफाल और विधायक बिशन सिंह चुफाल के प्रयासों पर मंडल अध्यक्ष कमल कन्याल, सत्यालगांव की ग्राम प्रधान रश्मि सत्याल, दौली कौली की प्रधान रेखा खड़ायत, सुनील सत्याल, दिनेश पाठक, महिराज सिंह भैसोड़ा, ऋतुराज सेमटी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सूरज रावत, भानु सत्याल, तेन सिंह चुफाल, पंकज भैसोड़ा आदि ने उनका आभार जताया।