महाकाली के जयकारों से गुंजायमान हुआ वातावरण
संवाद सहयोगी पिथौरागढ़ खर्कदेश का प्रसिद्ध लछैर मेला शुक्रवार को उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : खर्कदेश का प्रसिद्ध लछैर मेला शुक्रवार को उल्लास के साथ संपन्न हुआ। हजारों लोगों ने मेले में पहुंचकर मां महाकाली का आशीर्वाद लिया।
खर्कदेश के अंतर्गत लछैर मेले का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने मेले को क्षेत्र की पहचान बताते हुए इस परंपरा को संजोए रखने के लिए क्षेत्रवासियों की सराहना की। दोपहर बाद चिराली गांव से मां महाकाली का डोला उठा। जयकारों के साथ श्रद्धालु लछैर मंदिर पहुंचे। जहां विधि विधान से मां महाकाली की पूजा अर्चना की गई। दूरदराज से पहुंचे लोगों ने क्षेत्र के कल्याण की कामना की। मेला स्थल पर तमाम दुकानें सजी रही। लोगों ने जमकर खरीददारी की। देर सायं तक मेला स्थल में भीड़ जुटी रही।
आयोजकों ने मेले को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। सामाजिक कार्यकर्ता श्याम सिंह ने बताया कि आगामी 10 सितंबर को मढ़मानले क्षेत्र के प्रसिद्ध जगन्नाथ मेले का आयोजन होगा, जिसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।