स्वर्णकार ने प्रधान पति पर फेंका तेजाब
जागरण संवाददाता पिथौरागढ़ तहसील कनालीछीना के सांगड़ी गांव में स्वर्णकार और ग्राम प्रधान के
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: तहसील कनालीछीना के सांगड़ी गांव में स्वर्णकार और ग्राम प्रधान के पति के बीच मामूली बात पर विवाद हो गया। शराब पीने के बाद गालीगलौच कर रहे स्वर्णकार को रोकने पर उसका पारा चढ़ गया और उसने प्रधानपति के चेहरे पर दुकान में रखा तेजाब फेंक दिया। बुरी तरह झुलसे प्रधानपति को उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
रविवार की देर सायं थाना कनालीछीना के अंतर्गत सांगड़ी ग्राम पंचायत के तोक छड़नदेव में यह विवाद हुआ। स्वर्णकार सुरेश वर्मा निवासी छड़नदेव और प्रेम राम निवासी सांगड़ी के बीच शराब पीकर गालीगलौज न करने की बात पर विवाद हो गया। सुरेश वर्मा ने अपनी दुकान में रखा तेजाब प्रेम राम के चेहरे में डाल दिया। परिजन उसे रात को ही पिथौरागढ़ लाए। जहां से गंभीर हालत के मद्देनजर उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। प्रेम राम की आंखों में भी तेजाब का असर हुआ है।
सोमवार को सूचना पर कनालछीना थानाध्यक्ष अशोक धनकड़ भी गांव पहुंचे। दोपहर बाद अभियुक्त सुरेश वर्मा को गोवत्सा तिराहे पर गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर घर से आभूषण सफाई के लिए रखा शेष एसिड भी बरामद किया गया। आरोपित सुरेश के खिलाफ आइपीसी की धारा 326(ए), 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।