नई पार्किंग व्यवस्था के विरोध में टैक्सी यूनियन की हड़ताल जारी, आज से करेंगे क्रमिक अनशन
नई पार्किंग व्यवस्था के विरोध में टैक्सी यूनियन की हड़ताल आठवें रोज भी जारी रही।
पिथौरागढ़, जेएनएन : नई पार्किंग व्यवस्था के विरोध में टैक्सी यूनियन की हड़ताल आठवें रोज भी जारी रही। चालकों ने केमू स्टेशन में एकत्र होकर वाहनों की छाया प्रतियां जलाई। यूनियन ने शनिवार से क्रमिक अनशन शुरू करने का निर्णय लिया है।
प्रशासन और पुलिस ने टैक्सियों के लिए नई पार्किंग व्यवस्था की है। जिसके तहत अब सीमित मात्रा में ही टैक्सियों को नगर में प्रवेश दिया जाएगा। टैक्सी चालक पिछले आठ दिनों से नई व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं। शुक्रवार को टैक्सी चालकों ने केमू स्टेशन में प्रदर्शन कर वाहनों के कागजों की छाया प्रतियां जलाई। चालकों ने कहा कि नई व्यवस्था उन्हें मंजूर नहीं है। टैक्सियों का संचालन पूर्ववत किया जाए। नई व्यवस्था को वापस नहीं लिए जाने पर चालकों ने आंदोलन को उग्र कर देने की चेतावनी दी है। यूनियन के जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर ने कहा है कि शनिवार से टैक्सी चालक केमू स्टेशन में क्रमिक अनशन करेंगे।
बुंगाछीना के टैक्सी चालकों ने मेलापानी में नई पार्किंग व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया। चालकों ने व्यवस्था को पूर्ववत रखे जाने की मांग की।