पूर्णागिरि जनशताब्दी ट्रेन शुरू होने पर बांटी मिठाई
टनकपुर से पूर्णागिरि जनशताब्दी ट्रेन शुरू होने से जनपद में खुशी व्याप्त है। रेल सेवा शुरू होने की खुशी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरित किया।
जासं, पिथौरागढ़ : टनकपुर से पूर्णागिरि जनशताब्दी ट्रेन शुरू होने से जनपद में खुशी व्याप्त है। जन शताब्दी रेल प्रारंभ होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान्न वितरण किया। इसे सीमांत क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।
टकाना स्थित रामलीला मैदान पर भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र सिंह वल्दिया की अध्यक्षता में जन शताब्दी ट्रेन शुरू करने पर सरकार का आभार व्यक्त करने के लिए कार्यक्रम किया गया। इस मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र लुंठी ने कहा कि जन शताब्दी सीमांत क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम है। इसके संचालन से टनकपुर से लेकर लिपुलेख, मिलम तक के क्षेत्र को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि पहले बनाए गए 23 स्टापेज अब कम कर मात्र आठ स्टापेज कर दिए गए हैं। टनकपुर से साढ़े ग्यारह बजे चलने वाली ट्रेन सायं पांच बजे दिल्ली पहुंचेगी।
लुंठी ने कहा कि पिथौरागढ़वासी सुबह सात बजे पिथौरागढ़ से चल कर सायं पांच बजे दिल्ली पहुंच जाएंगे। पिथौरागढ़ से टनकपुर तक जहां आलवेदर सड़क से सफर करेंगे, वही टनकपुर से दिल्ली रेल से पहुंचेगे पहली बार दस घंटे में पिथौरागढ़ से दिल्ली पहुंचा जा सकेगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री पीयूष गोयल, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत, सांसद अजय टम्टा और अजय भट्ट का आभार जताया गया। इस कदम को भविष्य के लिए मील का पत्थर बताया गया।
बाद में मिष्ठान वितरण किया गया। मिष्ठान वितरण करने वालों में जिला महामंत्री महिमन कन्याल, जिला मंत्री महेश पाठक गोलू, कोषाध्यक्ष सुभाष जोशी, मीडिया प्रभारी राजेंद्र जोशी, उपाध्यक्ष गिरीश जोशी, महिला मोर्चा अध्यक्ष माला सौन, महामंत्री प्रमिला बोरा, उपाध्यक्ष प्रतिमा वाल्मीकि, नगर महामंत्री प्रवीण उपरारी, भूपेश पांडेय, पीयूष पंत सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।