हिमनगरी मुनस्यारी ने फिर ओढ़ी बर्फ की चादर, थल-मुनस्यारी, टीएन और कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग बंद
पिथौरागढ़ में धूप खिली लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया पर मुनस्यारी में बर्फबारी ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी।
पिथौरागढ़/ मुनस्यारी/धारचूला, जेएनएन : पिथौरागढ़ में धूप खिली, लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद उठाया, परंतु मुनस्यारी में बर्फबारी ने फिर दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। थल-मुनस्यारी, तवाघाट-नारायण आश्रम और कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग दूसरे दिन भी बंद रहे। तीनों मार्गों के सोमवार तक खुलने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में एक बार फिर पानी जम चुका है। लोग बर्फ पिघलाकर पानी पी रहे हैं। ऊपर से गिरगांव के पास विद्युत लाइन में फॉल्ट आने से मुनस्यारी सहित क्षेत्र के पांच दर्जन गांव फिर अंधेरे में डूबे हैं।
निचले इलाकों में शनिवार की रात आसमान साफ रहने से रिकॉर्ड पाला गिरा है। पिथौरागढ़ सहित पाला वाले क्षेत्रों में सुबह पाले की सफेद चादर बिछी रही। पिथौरागढ़ में न्यूनतम तापमान 0.1 तो मुनस्यारी में माइनस तीन डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार की रात से मौसम साफ हुआ। रविवार सुबह आसमान साफ था, परंतु कोहरा छाया रहा। पाला अधिक गिरने से ठंड काफी अधिक रही। सुबह वाहनों के इंजन तक जाम हो गए। डीजल वाहनों में डीजल को गरम कर वाहन चलाने पड़े। ऊपर से सड़कों पर पाला होने से यातायात भी प्रभावित रहा।
थल-मुनस्यारी मार्ग पर कालामुनि से लेकर पातलथौड़ तक डेढ़ से ढाई फीट तक बर्फ है। जिसके चलते मार्ग बंद हो चुका है। लोनिवि द्वारा किराए पर जेसीबी लेकर मार्ग से बर्फ हटाई जा रही है। मार्ग के मौसम साफ रहने पर रविवार की देर सायं या फिर सोमवार तक मार्ग खुलने के आसार हैं। धारचूला में तवाघाट-नारायण आश्रम यानि टीएन मार्ग भी बंद है। पांगू के पास से जेसीबी से बर्फ हटाई जा रही है। मार्ग के सोमवार सायं तक खुलने के आसार हैं। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग में तवाघाट से छह किमी दूर चट्टान खिसकने से मार्ग पर आए मलबे को बीआरओ द्वारा हटाया जा रहा है। मार्ग के रविवार सायं तक खुलने की संभावना जताई गई है।
नाचनी से मुनस्यारी जाने वाली 33 केवी विद्युत लाइन में 38 किमी दूर बिर्थी के पास क्षतिग्रस्त होने से मुनस्यारी सहित क्षेत्र के पांच दर्जन गांव शनिवार सायं से अंधेरे में डूबे रहे। शनिवार को तेरह दिन बाद बिजली बहाल हुई। कुछ घंटे बाद ही बिजली गुल हो गई। जिले भर में पिछले चौबीस घंटे के भीतर औसतन 0.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। ========== तापमान पिथौरागढ़
न्यूनतम --- 0.1 डिग्री सेल्सियस
अधिकतम - 13 डिग्री सेल्सियस मुनस्यारी --
न्यूनतम - माइनस तीन
अधिकतम - 5 डिग्री सेल्सियस