कहीं चढ़ा पारा तो कहीं बढ़ी ठिठुरन
जेएनएन पिथौरागढ़/ मुनस्यारी जिले भर में मौसम के अलग -अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। घाटी वा
जेएनएन, पिथौरागढ़/ मुनस्यारी: जिले भर में मौसम के अलग -अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। घाटी वाले क्षेत्रों में पारा लगातार चढ़ता जा रहा है तो ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठिठुरन जारी है। मुनस्यारी तहसील क्षेत्र में पिछले 24 घंटे के भीतर 20 एमएम वर्षा हुई है।
रविवार को जिले में मौसम शुष्क रहा। अलबत्ता ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही से ठंड बना रहा। वहीं औसत ऊंचाई से लेकर नदी घाटी वाले क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोतरी हुई। शनिवार को चौबीस घंटे के बीच मुनस्यारी तहसील में बादल जमकर बरसे। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को 24 घंटे के बीच मुनस्यारी में 20एमएम और धारचूला में 02.50 एमएम वर्षा हुई। मुनस्यारी क्षेत्र में देर सायं तक बारिश हुई । रविवार को भी मुनस्यारी में हल्की वर्षा हुई। दूसरी तरफ जिले के अन्य भागों में मौसम सूखा रहा। इधर गर्मी बढ़ते ही अब घाटियों के जंगलों में आग लगने की संभावना भी बढ़ने लगी है।
नदी घाटी वाले क्षेत्रों धारचूला, बलुवाकोट, जौलजीवी, पीपली, झूलाघाट में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। इन स्थानों पर पारा 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। नाचनी, बांसबगड़, थल क्षेत्र में हल्की वर्षा से मौसम में अन्य नदी घाटियों की तरह पारा नहीं बढ़ा है। औसत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिन में धूप की तपिश तो है परंतु सायं से ठंडी हवाएं बढ़ने से अभी राहत है। जिला मुख्यालय में भी दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने लगा है।