Move to Jagran APP

मुनस्यारी में हिमपात, थल-मुनस्यारी मार्ग फिर बंद होने के कगार पर

पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में दोपहर तक मौसम साफ रहने के बाद सायं को हिमपात हुआ। धारचूला में बारिश हुई।

By JagranEdited By: Published: Fri, 07 Feb 2020 11:03 PM (IST)Updated: Sat, 08 Feb 2020 06:12 AM (IST)
मुनस्यारी में हिमपात, थल-मुनस्यारी मार्ग फिर बंद होने के कगार पर
मुनस्यारी में हिमपात, थल-मुनस्यारी मार्ग फिर बंद होने के कगार पर

पिथौरागढ़/ मुनस्यारी/ धारचूला, जेएनएन : सीमांत में सुबह से लेकर दोपहर तक मौसम साफ रहने के बाद सायं उच्च हिमालय और उससे लगे उच्च मध्य हिमालय में मौसम खराब हो गया। सायं चार बजे से हिमपात शुरू होने लगा। हिमनगरी मुनस्यारी में इस मौसम का सोलहवां हिमपात हो रहा है। थल-मुनस्यारी मार्ग पर कालामुनि से बिटलीधार तक चार इंच बर्फ गिर चुकी है। देर सायं तक मार्ग बंद होने के आसार हैं। वहीं धारचूला तहसील के उच्च हिमालय सहित चौदास में भी हिमपात हुआ। धारचूला में तेज गरज के साथ बूंदाबांदी होने से एक बार फिर कड़ाके की ठंड होने लगी है। हिमपात और बूंदाबांदी से पूरे जिले शीतलहर चलते रही। जिससे तापमान में गिरावट आ गई।

loksabha election banner

मुनस्यारी से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह से मौसम साफ था और धूप खिली थी। दोपहर के आसपास से उच्च हिमालयी क्षेत्र में बादल आने लगे और बर्फबारी प्रारंभ हो गई। अपरान्ह तक उच्च हिमालय सहित इससे लगे मुनस्यारी क्षेत्र घने बादलों से घिर गया और ठंडी हवाएं चलने लगी। सायं चार बजे से पूर्व खलिया टाप, कालामुनि, बिटलीधार, पातलथौड़, बलाती तक हिमपात होने लगा। पांच बजे के आसपास से मुनस्यारी नगर में भी हिमपात होने लगा है। पूर्व में यहां पर ओले गिरे इसी के साथ हिमपात होने लगा। सायं तक थल-मुनस्यारी मार्ग पर कालामुनि, बिटलीधार में चार इंच तक हिमपात हो चुका है। देर रात तक लगातार हिमपात जारी रहा। थल-मुनस्यारी मार्ग के फिर से बंद होने के आसार हैं। इस मार्ग पर पूर्व से ही बर्फ जमी है।

मदकोट के आसपास की चोटियों भी लगातार हिमपात जारी है। एक बार मदकोट में ही हिमकणों के साथ हल्की बर्फ की फाहें गिरी। हिमपात के चलते मुनस्यारी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। धारचूला से मिली जानकारी के अनुसार अपरान्ह को धारचूला के काली नदी घाटी क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हो गया। इस दौरान उच्च हिमालय में हिमपात जारी रहा। तहसील की चौदास घाटी में हिमपात हो रहा है। धारचूला में हल्की बूंदाबांदी हुई और तेज हवाएं चलने से ठंड बढ़ चुकी है। बर्फीले क्षेत्रों में फिर से जनजीवन प्रभावित हो चुका है। जिले के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ है । ======== मुनस्यारी तापमान न्यूनतम -- माइनस तीन डिग्री सेल्सियस

अधिकतम -- छह डिग्री सेल्सियस


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.