Move to Jagran APP

मौसम का यू टर्न, मुनस्यारी में हिमपात, धारचूला में बरसे बदरा

एक दिन धूप खिलने के बाद पिथौरागढ़ में शनिवार को मौसम ने करवट बदली। मुनस्यारी में हिमपात तो धारचूला में बारिश हुई।

By JagranEdited By: Published: Sat, 01 Feb 2020 11:00 PM (IST)Updated: Sun, 02 Feb 2020 06:15 AM (IST)
मौसम का यू टर्न, मुनस्यारी में हिमपात, धारचूला में बरसे बदरा
मौसम का यू टर्न, मुनस्यारी में हिमपात, धारचूला में बरसे बदरा

पिथौरागढ़/मुनस्यारी/धारचूला, जेएनएन : एक दिन धूप खिलने के बाद सीमांत में शनिवार को मौसम ने फिर यू टर्न ले लिया है। सुबह से ही हल्के बादल छाए रहने से जिले के निचले इलाकों में धूप-छांव का खेल चलता रहा। दोपहर के आसपास हिमनगरी मुनस्यारी में हिमपात होने लगा। धारचूला में तेज गरज के साथ बूंदाबांदी हुई। उच्च हिमालय में सुबह से ही भारी हिमपात हो रहा है। शीत लहर से जनजीवन प्रभावित है। थल-मुनस्यारी मार्ग के आज छठे दिन भी खुलने के आसार कम हो चुके हैं।

loksabha election banner

शुक्रवार को जिले में मौसम साफ रहा। चटक धूप खिली रही। जिससे घाट से लेकर मुनस्यारी और चौदास के लोगों को हल्की राहत मिली। मौसम साफ रहने से बंद थल-मुनस्यारी मार्ग खोलने के कार्य ने गति पकड़ी। शनिवार को एक बार फिर मौसम छलावा बन गया। सुबह आसमान में छाए हल्के बादल घड़ी की सुई आगे बढ़ने के साथ ही घने होते गए। अपराह्न दो बजे तक धूप-छांव का खेल जारी रहा और ठंडी हवाएं बहने से शीत का प्रकोप बढ़ता गया। मौसम विभाग के अनुसार आज मौसम के ऐसा ही रहने के आसार हैं। रविवार को मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।

मुनस्यारी : सुबह से ही आसमान बादलों से ढका रहा। उच्च हिमालय में रात से ही हिमपात जारी था। मुनस्यारी में मौसम अधिक बिगड़ता रहा। ठीक दोपहर बारह बजे से मुनस्यारी नगर में तेज हिमपात होने लगा। दो बजे तक नगर में दो इंच बर्फ जम चुकी थी। इस दौरान मुनस्यारी के शीर्ष में खलिया टॉप से लेकर कालामुनि, बिटलीधार, पातलथौड़ में भारी बर्फबारी हुई। मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान माइनस चार से अधिक हो चुका है जबकि अधिकतम तापमान भी चार डिग्री पहुंचा है।

धारचूला: तहसील की दोनों उच्च हिमालयी घाटियों व्यास और दारमा सहित चौदास की चोटियों पर देर सायं तक हिमपात होता रहा। इस दौरान अपराह्न को धारचूला सहित आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। जिसके चलते तापमान में भारी गिरावट आ चुकी है। जिले के सभी तहसील क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ========== शीत अवकाश के बाद खुले विद्यालय, बर्फबारी से स्वागत 25 दिसंबर से शीत अवकाश के बाद शनिवार को मुनस्यारी क्षेत्र के विद्यालय खुले। सुबह दस बजे खुले विद्यालयों में जब पढ़ाई चल रही थी तो अचानक बारह बजे से तेज हिमपात होने से विद्यालय बंद करने की नौबत आ गई। विद्यालय बंद करने पड़े। बच्चों को बर्फबारी मे घरों को लौटना पड़ा। मौसम को देखते हुए मुनस्यारीवासी आगामी दो मार्च से होने वाले बोर्ड परीक्षा को लेकर चिंता में है। ========= 31 दिन की जनवरी में 24 दिन बंद रहा मार्ग मुनस्यारी में बर्फबारी का सितम चरम पर है। इस वर्ष नवंबर से लेकर जनवरी तक मुनस्यारी में 15वीं बार हिमपात हो चुका है। शनिवार दिन में 15वीं बार हिमपात हुआ है। वहीं 31 दिन के जनवरी माह में थल-मुनस्यारी मार्ग 24 दिन बंद रहा है। जिससे मुनस्यारी का आम जनमानस परेशान रहा और मुनस्यारी सहित बर्फीले गांवों में जनजीवन एक तरह से पूरी तरह ठप नजर आ रहा है। ========= तापमान

पिथौरागढ़ न्यूनतम -1.9 डिग्री सेल्सियस

अधिकतम - 11 डिग्री सेल्सियस ======= मुनस्यारी

न्यूनतम - माइनस चार

अधिकतम - चार डिग्री सेल्सियस


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.