रामगंगा नदी में डूबने से ग्रामीण की मौत
संवाद सूत्र, थल (पिथौरागढ़): थल के निकट मुवानी में एक व्यक्ति की रामगंगा नदी में डूबने से मौत
संवाद सूत्र, थल (पिथौरागढ़): थल के निकट मुवानी में एक व्यक्ति की रामगंगा नदी में डूबने से मौत हो गई है। मृतक बहादुर सिंह के घर का पता नहीं चल पा रहा है।
सोमवार की सायं मुवानी निवासी एक व्यक्ति द्वारा रामगंगा नदी के गुरनाबगड़ में एक अज्ञात व्यक्ति के डूबने की सूचना दी गई। देर सायं तक इस सूचना पर पुलिस नदी में खोजबीन करती रही लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार सुबह प्रभारी थानाध्यक्ष बीजी गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने फिर खोजबीन की तो बीस फीट गहराई में दबे हुए मृतक का शव दिखा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी में पत्थरों के बीच फंसे शव को निकाला। शव की शिनाख्त बहादुर सिंह उम्र लगभग 45 वर्ष के रू प में हुई। बहादुर सिंह कहां का रहने वाला है इसका पता नहीं चल सका है। मृतक लगभग छह माह पूर्व मुवानी में आया था। यहां पर वह मजदूरी करता था। उसने अपना नाम बताया था परंतु अपने को कभी धारचूला का तो कभी मुनस्यारी का बताता था। जिसके चलते उसके मूल निवास का पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रख दिया है। मृतक नहाने के लिए नदी में गया था उसके कपड़े किनारे पर रखे हुए थे। शव को निकालने वाले जवानों में कमल तुलेड़ा, दीपक जलाल, सुरेश सिंह, आनंद सिंह तथा स्थानीय लोगों में जगत सिंह मेहता, जीवन बोरा आदि शामिल थे। कुछ लोग यह भी बता रहे हैं कि नदी में नहा रहे एक बच्चे को बचाने के लिए वह नदी में गया परंतु तैरना नहीं आने से खुद डूब गया।