13 सूत्रीय मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर दिया धरना
चार माह से वेतन नहीं मिलने से परेशान रोडवेज कर्मचारी अपनी अन्य लंबित मांगों को लेकर धरना दिया।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: चार माह से वेतन नहीं मिलने से परेशान रोडवेज कर्मचारी अपनी अन्य लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को सड़कों पर उतरे। कर्मचारियों ने वर्कशाप में प्रदर्शन कर धरना दिया।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारी धरने पर बैठ गए। धरना स्थल पर वरिष्ठ पदाधिकारी मोहन भंडारी ने कहा कि मार्च माह में निगम प्रबंधन के साथ दो चरणों में वार्ता हुई थी, जिसमें तय हुआ कि रोडवेज कर्मचारियों की मांगों को चरणबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा। सात माह बीत जाने के बाद लंबित 13 मांगों में से एक पर भी कार्रवाई नहीं हुई उल्टा कर्मचारियों को पिछले चार माह से वेतन नहीं दिया गया है। इससे कर्मचारियों के सम्मुख गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारी अपने बच्चों की फीस तक नहीं चुका पा रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि निगम प्रबंधन जल्द उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं करता है तो 28 अक्टूबर से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में शाखाध्यक्ष संजय महर, पवन कुमार, विजय सिंह, नवीन कोठारी, विक्रम प्रसाद, दीपक कुमार, पूरन जोशी, नेत्र बल्लभ पांडे, कमल तिवारी, हीरा सिंह बिष्ट, सुनील जोशी, महेश जोशी, संजय आदि कर्मचारी शामिल थे। रोडवेज की बसों का संचालन सामान्य ढंग से हुआ।