सोरघाटी में गूंजेगी भगवान राम के भजनों की गूंज
पिथौरागढ़ जेएनएन अयोध्या में बुधवार (आज) होने जा रहे भव्य राम मंदिर के शिलान्यास को लेकर
पिथौरागढ़, जेएनएन : अयोध्या में बुधवार (आज) होने जा रहे भव्य राम मंदिर के शिलान्यास को लेकर पिथौरागढ़ जिले में भी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। मंदिर के भूमि पूजन को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। बुधवार को साहित्यकार डॉ. पीतांबर अवस्थी द्वारा भगवान राम के भजनों पर आधारित स्वरचित पुस्तक पिताश्री के प्रिय भजन लोगों को निश्शुल्क बांटी जाएगी। वहीं, जगह-जगह सुंदरकांड, भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
नगर के बजेटी निवासी साहित्यकार डॉ. अवस्थी की पुस्तक में रामलला के बहुत से गुण समूहों का वर्णन करते हुए भक्तिपरख चौपाइयों का संकलन किया गया है। इसके अलावा पुस्तक में कबीर्र, मीरा, तुलसी, सूरदास के भजनों को भी स्थान दिया गया है। डॉ. अवस्थी ने बताया कि बुधवार को भूमि पूजन के अवसर पर पुस्तक का लोगों को निश्शुल्क वितरण किया जाएगा। लोगों से अपने घरों में ही रहकर पुस्तक के माध्यम से भगवान श्रीराम का स्मरण करने का आह्वान किया जाएगा।
इधर, नगर के उल्का देवी मंदिर परिसर में भगवान राम के मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के अवसर पर बुधवार को कुमाऊं मंडल विकास निगम के कर्मचारियों द्वारा वृहद स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी ने बताया कि बुधवार को पूरे कुमाऊं मंडल में कर्मचारियों द्वारा एक पौधा धरती मां के नाम के तहत पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। नगर के घंटाकरण स्थित भाजपा कार्यालय में भूमिपूजन के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सुंदरकांड का आयोजन किया जाएगा। ======== सिराकोट मंदिर में होगा हवन यज्ञ
डीडीहाट: अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन को लेकर डीडीहाट में भी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। नगर के शिव मंदिर वार्ड में सभासद दीवान साह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरेंद्र चुफाल के नेतृत्व में पताका लगाकर सजाया जा रहा है। सिराकोट के प्रसिद्ध मलयनाथ मंदिर में मंदिर कमेटी अध्यक्ष रवि डसीला, लवी कफलिया की अगुवाई में हवन का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय रामलीला मैदान में सुंदरकांड का आयोजन किया जाएगा। नगरपालिका अध्यक्ष कमला चुफाल ने बताया कि सुंदरकांड के बाद रामलीला मैदान में 2 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।