Move to Jagran APP

भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार धूमधाम से मनाया गया

संवाद सहयोगी पिथौरागढ़ भाई-बहन के अटूट प्रेम और रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व जिलेभर में

By JagranEdited By: Published: Fri, 16 Aug 2019 10:52 PM (IST)Updated: Sat, 17 Aug 2019 06:32 AM (IST)
भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार धूमधाम से मनाया गया
भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का त्योहार धूमधाम से मनाया गया

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: भाई-बहन के अटूट प्रेम और रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व जिलेभर में धूमधाम के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई में रक्षासूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की। वहीं भाईयों ने इसके बदले में बहनों को आकर्षक उपहार देकर उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया। रक्षाबंधन के साथ ही जिलेभर में श्रावणी उपाकर्म के अनुष्ठान भी हुए।

loksabha election banner

सावन माह की पूर्णिमा को रक्षाबंधन पर्व व श्रावणी उपाकर्म इस वर्ष सालों बाद भद्रा मुक्त रहा। जिला मुख्यालय में घंटेश्वर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, सेरादेवल आदि कई मंदिरों में श्रावणी उपाकर्म हुआ। यहां लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जनेऊ धारण किए। घरों में बहनों ने भाइयों की कलाई में राखी बांधी। विवाहित बहनों ने भी अपने मायके पहुंचकर भाईयों को रक्षासूत्र बांधा और उनकी लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान घरों में तरह-तरह के व्यंजन बनाकर आस-पड़ोस में बांटे गए। स्वतंत्रता दिवस के बावजूद रक्षाबंधन पर्व होने से बाजार भी गुलजार रहे। तीलू रौतेली पुरस्कार प्राप्तकर्ता, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की जिला संयोजिका हेमा थलाल के नेतृत्व में बालिकाओं ने स्थानीय थाना कोतवाली व पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधिकारियों व जवानों को राखी बांधी। मानस एकेडमी में रक्षाबंधन पर्व पर छात्राओं ने आकर्षक राखी बनाई और पूरे विद्यालय स्टॉफ को राखी बांधी। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारी गजेंद्र बोहरा, उप प्रधानाचार्य सुनीता रावत, लक्ष्मी चौहान आदि मौजूद रहे। 55वीं वाहिनी एसएसबी में कमांडेंट सुरेश कुमार शासन के नेतृत्व में रक्षाबंधन पर्व मनाया गया। इस मौके पर पीएनएफ पब्लिक स्कूल के बच्चों ने वाहिनी के अधिकारियों व जवानों की कलाई में राखी बांधकर उनकी दीर्घायु की कामना की। समाजसेवी संस्था घनश्याम ओली चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी के बच्चों ने जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, 119 इंफेंट्री बिग्रेड के अंतर्गत 16 कुमाऊं रेजिमेंट के अधिकारियों व जवानों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके सफल जीवन व सुरक्षा की कामना की। दयासागर इंटर कॉलेज में प्रबंधक डीसी लुईस के नेतृत्व में रक्षाबंधन पर्व मनाया गया। एसडीएस राइंका में प्रधानाचार्य मोहन चंद्र पाठक के नेतृत्व में इको फ्रेंडली राखी मनाई गई। इस मौके पर विद्यार्थियों ने पेड़-पौधों पर रक्षा धागा बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

थल: रक्षाबंधन पर्व पर सुबह से ही बसों, टैक्सियों में भीड़-भाड़ रही। रोडवेज बस में फ्री सेवा के चलते बहनों की भीड़ अधिक रही। थल-बेरीनाग रू ट पर खम्पा टैक्सी ट्रैवल्स ने रक्षाबंधन पर बहनों को निश्शुल्क यात्रा कराई। बहनों ने चालकों की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें आशीर्वाद दिया। वहीं, श्रावणी उपाकर्म में आचार्य शास्त्री हरीश उपाध्याय द्वारा स्थानीय रामगंगा नदी तट पर यजमानों को हवन यज्ञ द्वारा जनेऊ तर्पण कर नया जनेऊ धारण कराया। इस मौके पर भूपेंद्र पांगती, खीम सिंह, रावत, चिंतामणी जोशी, नवीन पाठक आदि मौजूद रहे। वहीं, जिले के अन्य घाटों में भी श्रावणी उपाकर्म के अनुष्ठान हुए।

मुनस्यारी: देश की सुरक्षा के लिए सरहद में तैनात आइटीबीपी के जवानों को महाविद्यालय की छात्राओं ने राखी बांधी। वहीं, आइटीबीपी की महिला जवानों ने स्थानीय लोगों को राखी बांधी।

डीडीहाट: 7वीं वाहिनी आइटीबीपी मिर्थी में स्थानीय विद्यालय की छात्राओं ने अधिकारियों व जवानों को राखी बांधी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.