राज्य सभा सदस्य प्रदीप टम्टा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, कहा-जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त
पिथौरागढ़ में राज्य सभा प्रदीप टम्टा ने प्रेसवार्ता में केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
पिथौरागढ़, जेएनएन : केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। केंद्र सरकार तुगलकी फरमान जारी कर देश में अराजकता का माहौल पैदा कर रही है। सरकार की दमनकारी नीतियों से जनता त्रस्त है। यह बात पत्रकारों से वार्ता करते हुए राज्य सभा सदस्य प्रदीप टम्टा ने कही।
गुरुवार को तिलढुकरी स्थित कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता में राज्य सभा सदस्य ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास प्राधिकरण के नाम पर लोगों की जेब पर डाका डाल रही है। विकास प्राधिकरण के चलते आम आदमी अपने सपनों का घर नहीं बना पा रहा है। मेडिकल कॉलेजों में फीस बढ़ोतरी पर टम्टा ने कहा कि सरकार न्यायालय के निर्देशों की अवहेलना कर रही है। इस कारण छात्र-छात्राओं को मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। टनकपुर-पिथौरागढ़ ऑलवेदर सड़क निर्माण कार्य पर उन्होंने कहा कि समय सीमा पूरी होने के बावजूद कार्य अधूरा पड़ा है। डीपीआर तैयार होने के बाद भी भारतमाला प्रोजेक्ट का काम शुरू नहीं हो सका है। वर्तमान में देश में बेरोजगारी चरम पर है। दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात कहने वाली भाजपा सरकार बेरोजगारों का मजाक उड़ा रही है। एनआरसी पर उन्होंने कहा कि संविधान के बुनियादी पृष्ठों के साथ छेड़खानी की गई है। पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक मयूख महर, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता खीमराज जोशी, यूकां जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर, ले.कर्नल एसपी गुलेरिया, दीपक लुंठी व मनोज ठकुराठी मौजूद रहे।