बकरीद पर मुल्क की तरक्की की दुआ मांगी
संवाद सहयोगी पिथौरागढ़ सीमांत जनपद में बकरीद धूमधाम से मनाई गई। ईद की नमाज जामा मस्जिद म
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: सीमांत जनपद में बकरीद धूमधाम से मनाई गई। ईद की नमाज जामा मस्जिद में अदा की गई। अन्य धर्मो के लोग भी ईद की खुशी में शामिल हुए। मुस्लिम धर्मावलंबियों ने घरों में विशेष दावतों के इंतजाम किए।
बारिश के चलते यहां ईदगाह मैदान पर पानी भरने के चलते पुराना बाजार स्थित जामा मस्जिद में नमाज अदा की गई। पहली नमाज सुबह नौ बजे हुई। पेश इमाम हाफिज शहजाद ने नमाज अदा कराई। लोगों ने देश में शांति और तरक्की की दुआएं मांगी। पुरानी वक्क कमेटी से जुड़े लोगों ने 10.30 बजे से नमाज पढ़ी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाईयां दी। पूर्व विधायक मयूख महर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिलोक सिंह महर, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ऋषेंद्र महर, दवा प्रतिनिधि संघ के भुवन पांडे सहित विभिन्न राजनैतिक दलों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने मस्जिद पहुंचकर लोगों को शुभकामनाएं दी। इसके बाद लोगों ने कुर्बानियां दी और घरों में दावत का आयोजन किया, जिसमें अन्य धर्मो के लोगों को भी आमंत्रित किया गया। बच्चों में ईद को लेकर विशेष उत्साह दिखा।
गंगोलीहाट, थल, जौलजीवी, धारचूला, डीडीहाट में भी ईद का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय में शिया समुदाय के लोगों ने भी ईद हर्षोल्लास के साथ मनाई। खड़कोट में ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी। सीमांत यूथ मोर्चा के अध्यक्ष सुशील खत्री सहित तमाम लोगों ने खड़कोट पहुंचकर लोगों को ईद की बधाई दी।