लॉकडाउन में मकान मालिक ने दिखाई दरियादिली, एक साल का किराया किया माफ
पिथौरागढ़ के बेरीनाग में प्रकाश बोरा ने किराए पर रखे श्रमिकों का एक साल का किराया माफ कर दिया है।
बेरीनाग, जेएनएन : कोरोना वायरस के चलते जारी लॉकडाउन के कारण लोगों की जिंदगी बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई है। खासकर रोजमर्रा की कमाई करने वालों के लिए यह बेहद मुश्किल दौर है, मगर समाज में कुछ ऐसे भी लोग हैं, जो दरियादिली दिखाते हुए दूसरों की मदद में जुटे हुए हैं। ऐसे ही एक शख्स हैं सीमांत जिले के बेरीनाग निवासी सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश सिंह बोरा। जिन्होंने लॉकडाउन के चलते मुसीबत में फंसे मजदूर किराएदारों का एक साल का किराया माफ किया है।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश बोरा बेरीनाग नगर में दुकान चलाते हैं। उन्होंने अपना मकान किराए पर लगा रखा है। विगत एक वर्ष से मजदूर उनके मकान में किराए पर रह रहे हैं। उन्होंने मकान मालिक को अभी तक मकान का किराया नहीं दिया है। वर्तमान में लॉकडाउन के चलते काम-धंधा बंद होने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। जिसे देखते हुए मकान मालिक बोरा ने उनसे एक वर्ष का किराया नहीं लेने का फैसला किया है। समाजसेवी बोरा लॉकडाउन में जरू रतमंदों को राशन किट भी उपलब्ध करा रहे हैं। साथ ही लोगों को सैनिटाइजर व मास्क भी वितरित कर रहे हैं। बोरा ने कहा कि मुसीबत की इस घड़ी में एक इंसान ही दूसरे इंसान की मदद कर सकता है।