निर्दलीय बिगाड़ सकते हैं सियासी दलों का खेल
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: जिले की सबसे बड़े निकाय नगरपालिका परिषद पिथौरागढ़ में निर्दलीय प
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: जिले की सबसे बड़े निकाय नगरपालिका परिषद पिथौरागढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी सियासी दलों का समीकरण बिगाड़ सकते हैं। चुनाव मैदान में कुछ दमदार निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में होने से भाजपा और कांग्रेस की रणनीति बदल रही है। दोनों दल असहज महसूस करने लगे हैं।
सोमवार को चुनाव चिह्न आवंटन के बाद से चुनावी प्रचार भी होने लगा है। चुनाव लड़ रहे निर्दलीय प्रत्याशी अब अपने चुनाव चिन्ह के साथ जनता के बीच वोट मांगने लगे हैं। पिथौरागढ़ में चार निर्दलीय प्रत्याशी अजय महर, शमशेर महर, मनोज कुमार जोशी और चंद्रशेखर चंदा सियासी गणित बिगाड़ने में सक्षम हैं। जिनमें अजय महर कांग्रेस के बागी हैं। उन्हें मनाने के सारे प्रयास विफल रहे थे। व्यापारी अजय महर जहां कांग्रेस के लिए परेशानी पैदा करेंगे वहीं भाजपा के लिए भी अड़चन पैदा कर सकते हैं।
दूसरे निर्दलीय व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर हैं। जो राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में तो पकड़ रखते ही हैं और व्यापार संघ अध्यक्ष होने के चलते व्यापारियों में भी उनकी पैठ है। विगत लंबे समय से सक्रिय हैं। जो सियासी दलों के लिए परेशानी पैदा कर सकते हैं। तीसरे निर्दलीय युवा और शिक्षा से जुड़े चंद्रशेखर चंदा हैं। युवाओं में पैठ रखने वाले चंद्रशेखर भी समीकरण को बिगाड़ सकते हैं। चौथे निर्दलीय मनोज कुमार जोशी हैं। जो रई झील को लेकर विगत वर्षों से सक्रिय हैं। इन चार निर्दलीय उम्मीदवारों के मैदान में होने से भाजपा और कांग्रेस के रणनीतिकार असहज महसूस कर रहे हैं। दोनों दलों के नेता भले ही इस संबंध में पूछे जाने पर बात कुछ भी कर रहे हों , परंतु दोनों सियासी दलों की गुप्त बैठकों में निर्दलीयों को लेकर गहन विचार मंथन हो रहा है।