मार्ग नगरपालिका का, परेशानी झेल रहे हुड़ेती के ग्रामीण
पिथौरागढ़ नगरपालिका क्षेत्रांतर्गत हुड़ेती गांव को जोड़ने वाला महादेव धारा मार्ग लंबे समय से बदहाल है।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: नगरपालिका क्षेत्रांतर्गत हुड़ेती गांव को जोड़ने वाला महादेव धारा मार्ग लंबे समय बदहाल हालत में है। वर्तमान में हो रही बारिश के चलते सड़क कीचड़ से सनकर दलदल में तब्दील हो चुकी है। वाहनों के टायर दलदल में फंस रहे हैं। वही, राहगीर भी कीचड़ में फिसल कर चोटिल हो रहे हैं। इसके बावजूद नगरपालिका का इस ओर कोई ध्यान नहीं जा रहा है। इससे क्षेत्र की जनता में नगरपालिका के खिलाफ आक्रोश बना हुआ है।
जिला मुख्यालय से सटे हुड़ेती गांव के प्रवेश द्वार महादेव धारा मार्ग नगरपालिका क्षेत्रांतर्गत आता है। इस मार्ग से हुड़ेती गांव के ग्रामीणों के साथ ही आसपास की बड़ी आबादी आवागमन करती है, मगर मार्ग की दशा खराब होने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क गड्ढों व कीचड़ से सनी होने से खतरनाक बनी हुई है। हल्की सी बारिश होने पर सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रजत उप्रेती ने बताया कि मार्ग में वाहनों का संचालन जोखिमपूर्ण बना हुआ है। दोपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। राहगीरों के लिए इस मार्ग से होकर गुजरना मुसीबत बन गया है। कई बार लोग कीचड़ में फिसल कर चोटिल भी हो चुके हैं। युवा बॉबी चौहान ने कहा कि बरसात में मार्ग के निकट बहने वाला नाला उफान पर आ जाता है। इससे पूरा मार्ग तालाब बन जाता है। आसपास के घरों में भी पानी घुस जाता है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण नगरपालिका इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। यदि अविलंब मार्ग की दशा नहीं सुधारी गई तो क्षेत्र की जनता नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी। ========= स्थानीय लोगों के स्तर पर इस संबंध में अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है। नगरपालिका के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण के लिए भेजा जा रहा है। सड़क की दशा खराब होने पर निश्चित रू प से उसका सुधारीकरण कार्य किया जाएगा।
- मनोज दास, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका।