महिला किसान मेले के लिए अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी, सीडीओ ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
महिला किसान मेले को लेकर पिथौरागढ़ की सीडीओ वंदना ने अधिकारियों के साथ मंथन किया।
पिथौरागढ़, जेएनएन : कृषि एकीकृत आजीविका परियोजना और बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले महिला किसान मेले की तैयारियां होने लगी है। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को किसान मेले के सफल संचालन के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सोमवार को आयोजित होने वाले महिला किसान मेले की तैयारियों के संबंध में बैठक लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी वंदना ने कहा कि इस मेले के अलग-अलग सत्रों में महिला किसानों को विभिन्न जानकारियां दी जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को मेले के संचालन के लिए दिशा निर्देश दिए। बैठक में तय किया गया कि तकनीकी सत्र नगर पालिका के दोनों सभागार , लंदन फोर्ट और सूचना विभाग के सभागार में आयोजित किए जाएंगे। मेले के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
मेले के दौरान विभागों द्वारा लाभार्थियों को कृषि उपकरण आदि वितरित किए जाएंगे और प्रगतिशील काश्तकारों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। तकनीकी सत्रों में किसानों को ऊर्जा दक्ष पंप सेट प्रशिक्षण, व्यावसायिक पुष्प उत्पादन मत्स्य पालन, फेडरेशनों के लिए विभिन्न कानूनी जानकारी, जीएसटी पंजीकरण, बुनकर सम्मेलन, एनएलएम योजना, बेमौसमी सब्जी व यूरोपियन वेजिटेबल के साथ ही क्राफ्ट वर्कशॉप का का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में डीडीओ गोपाल गिरि गोस्वामी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विद्यासागर कापड़ी, परियोजना प्रबंधक आइएलएसपी कुलदीप बिष्ट, डीएचओ आरएल वर्मा, परियोजना अधिकारी उरेडा अखिलेश शर्मा आदि उपस्थित थे।