राम नाम की धुन में लीन हुए रामभक्त, सीमांत में रातभर मनी दिवाली
अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू होने पर पिथौरागढ़ जिले में लोगों ने दिवाली मनाई।
पिथौरागढ़, जेएनएन : अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू होने पर पिथौरागढ़ जिले में भी रामभक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रामभक्तों ने दुकानों, घरों व मंदिरों में दीपक जलाकर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। कई स्थानों पर लोगों ने आतिशबाजी व मिष्ठान्न वितरण कर खुशी मनाई।
एशियन स्कूल व एशियन सत्कर्मा मिशन के तत्वावधान में ऐंचोली सभागार में सुंदरकांड व भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मिशन संस्थापक स्वामी वीरेंद्रानंद के नेतृत्व में भगवान श्रीराम को 108 लड्डुओं का भोग लगाया गया। साथ ही 108 दीपक जलाकर महाआरती की गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने सभी से भगवान राम के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। इसके बाद भंडारे का आयोजन कर भक्तों का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में एशियन के मुख्य कोऑर्डिनेटर एमएस बोरा, मिशन संयोजक भूपेश बिष्ट, भवान बिष्ट, गिरीश खाती, दुर्गा सिंह धामी, मनोहर रावत, नारायण सोराड़ी आदि मौजूद रहे।
संकल्प प्रकाश टीम द्वारा रामलीला मैदान सदर में बुधवार देर रात्रि दीप जलाकर जश्न मनाया गया। इस मौके पर टीम संरक्षक भूपेश पंत, राकेश देवलाल, उमेश महर, कोमल मेहता, सनम बोनाल, ललित उपाध्याय, मनोज भट्ट, प्रभात उप्रेती, विकेश थापा, रवि लुंठी आदि मौजूद रहे।
टकाना रोड में व्यापारियों ने भगवान श्रीराम के नाम का दीपक जलाकर खुशी व्यक्त की। इस मौके पर खष्टी भट्ट, जितेंद्र सिंह कोरंगा, गिरीश खर्कवाल, हेम त्रिपाठी, विनोद जोशी, प्रकाश जोशी, जीवन पांडे, प्रदीप आदि शामिल थे। उधर, डीडीहाट, गंगोलीहाट, अस्कोट, थल, मदकोट व बेरीनाग आदि क्षेत्रों में भी रामभक्तों ने भजन-कीर्तन किए।