कभी लगी लाईनें तो कभी नजर आए इक्का -दुक्का
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: निकाय चुनावों के लिए मतदान के लिए रविवार का दिन विशेष रहा। दिन
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: निकाय चुनावों के लिए मतदान के लिए रविवार का दिन विशेष रहा। दिन भर बूथों का नजारा बदलता रहा। किसी बूथ पर सुबह को ही लाइन लग गई तो किसी बूथ पर दोपहर बाद लाइन नजर आई। लाइन में लगे मतदाता आपस में चुहलबाजी करते तो नजर आए परंतु अपने मन की थाह कहीं पर भी उजागर नहीं की। मतदाताओं की इस अदा से जहां उनकी चतुराई दिखी वहीं बूथ पर हार-जीत का आंकड़ा बनाने वाले राजनीतिक पंडितों के चेहरों में सिकन दिखाई दी।
सुबह ठीक आठ बजे से मतदान शुरु हुआ। सुबह के समय पिथौरागढ़ के आसमान में हल्के बादल छाए थे नौ बजे तक बादलों का रंग कुछ गहरा होने लगा। तब ऐसा लग रहा था कि दिन तक मौसम चुनावी रंगत में खलनायक न बन जाए। परंतु 11 बजते -बजते आसमान में बढ़ रहे बादल किसी तिलस्म की तरह नदारद हो गए और चटक धूप खिल गई। अलबत्त्ता कुछ बूथों पर सुबह आठ बजे से ही मतदान के लिए लोग पहुंचने लगे थे।
पिथौरागढ़ नगरपालिका के बूथ नंबर नौ सेरा , पुनेड़ी वार्ड में तीन गांव सेरा, केदार पुनेड़ी और चंडाक सिकड़ानी आते हैं। गांव के लोग सुबह ही मतदान केंद्र पर पहुंचने लगे थे। जिसमें महिलाओं की संख्या काफी अधिक थी। नौ बजे के आसपास तक इस बूथ पर महिलाओं की लंबी लाइन लग गई। इसके अपेक्षा पुरु ष मतदाताओं की संख्या काफी कम थी। महिलाओं केा अपने मतदान के लिए आधे से एक घंटे तक का समय लाइन में बिताना पड़ा। जबकि पुरुष मतदाता पांच के भीतर मत देकर लौट रहे थे।
इस संबंध में गांवों से ताल्लुक रखने वाली महिलाओं का कहना था कि सुबह ही मतदान का कार्य निपटाने के बाद वह दिन भर घर के कार्य कर सकती हैं। लाइन में दिन के कार्यो का भी जिक्र हो रहा था। वहीं नगर के मध्य स्थित नगरपालिका बूथ पर इस दौरान नाममात्र के मतदाता पहुंचे थे। यही हाल उर्दू मीडियम, मंडप, सिल्थाम, टकाना , सिनेमा लाइन सहित अन्य बूथों का था। जबकि पहली बार नगरपालिका में शामिल हुए धनौड़ा बूथ में भी सुबह ही लाइन लग गई थी। जिन बूथों पर सुबह भीड़ नही ंथी उन बूथों पर दोपहर बारह बजे के बाद भीड़ बढ़ने लगी। नगरीय जीवन जीने वाले मतदाता भोजन करने और घर के कार्य निपटाने के बाद पहुंचे। बारह से चार बजे के दौरान अधिकांश बूथों पर लाइन नजर आई।
जिले के पांचों निकायों में बेरीनाग छोड़ कर अन्य निकायों में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। पिथौरागढ़, धारचूला, डीडीहाट और गंगोलीहाट में यह सब नजर आया। हर बूथ पर लगने वाली लाइन में महिलाओं की लाइन ही लंबी रही। महिलाएं भी खुल कर मतदान के लिए आगे आई। अलबत्ता बेरीनाग में भले ही महिलाओं की संख्या पुरुषों से थोड़ा कम है परंतु यहां पर भी महिलाओं की लाइन ही लंबी ही नजर आई।