14 दिन की क्वारंटाइन अवधि पूरी कर घर लौटे प्रवासी
दिल्ली से लौटे छह प्रवासियों की क्वारंटाइन अवधि सोमवार को पूरी हो गई।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: दिल्ली से लौटे छह प्रवासियों की क्वारंटाइन अवधि सोमवार को पूरी हो गई। बेहद खुश यह परिवार स्वास्थ जांच के बाद घर लौट गया। परिवार को अगले कुछ दिनों तक घर पर भी क्वारंटाइन के नियमों का पालन करने की हिदायत स्वास्थ विभाग ने दी है।
दिल्ली के जनकपुरी में काम करने वाले दीपक सिंह, गोविंद सिंह और उनके परिवार के सदस्य सुमन मुंडेला, कमला देवी, नवीन सिंह, माइसा बीते 15 मई को पिथौरागढ़ पहुंचे थे। स्कैनिंग के बाद इन लोगों को डीडीहाट ले जाया गया, जहां से उन्हें राइंका देवलथल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में भेजा गया। सोमवार को इन लोगों का 14 दिन का क्वारंटाइन पूरा हो गया। क्वारंटाइन अवधि पूरी होने के बाद स्वास्थ विभाग ने इनकी जांच की। जांच में सभी लोग स्वस्थ पाए गए। इन सभी लोगों को घर भेजा गया।
इससे पूर्व क्वारंटाइन सेंटर में तैनात शिक्षक राजेश मोहन उप्रेती ने सभी लोगों को घर पर रखी जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। परिवार के सदस्यों ने क्वारंटाइन सेंटर में मिली सुविधाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि उन्हें तीन वक्त का घर जैसा भोजन मिला। परिवार में एक छोटा बच्चा था। जिसके लिए दूध की कोई कमी नहीं हुई। हर रोज नहाने के लिए उन्हें गरम पानी भी उपलब्ध कराया गया।