मयंक ने हॉलीवुड फिल्म के लिए एआर रहमान के साथ तैयार किया गाना
संवाद सहयोगी पिथौरागढ़ पिथौरागढ़ के होनहार युवा गायक मयंक कापड़ी ने अपने हुनर से एक बार
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: पिथौरागढ़ के होनहार युवा गायक मयंक कापड़ी ने अपने हुनर से एक बार फिर सीमांत जिले का नाम गर्व से ऊंचा किया है। मयंक ने इस साल की सबसे बड़ी माने जाने वाली प्रतिष्ठित हॉलीवुड फिल्म एवेंजर्स इंडगेम के लिए विश्व प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर एआर रहमान के साथ एक भारतीय गीत में अपनी आवाज दी है। उनकी इस उपलब्धि पर सीमांत जिले में खुशी का माहौल है।
मयंक को बचपन से ही संगीत के प्रति गहरा लगाव रहा है। संगीत के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए मयंक वर्ष 2015 में चेन्नई चले गए थे। यहां एक प्रतिष्ठित संगीत प्रशिक्षण संस्थान में शिक्षा ग्रहण करने के बाद वह विगत कई वर्षों से एआर रहमान समेत दक्षिण भारत के कई प्रतिष्ठित संगीतकारों के साथ कार्य कर रहे हैं। इस बीच रहमान के साथ काम करने का मयंक को बड़ा फायदा मिला है। दरअसल, रहमान को हॉलीवुड फिल्म निर्माता मार्वल स्टूडियो द्वारा अपनी आगामी फिल्म एवेंजर्स इंडगेम के लिए हिदी, तमिल व तेलुगू भाषाओं में गीत तैयार करने हेतु संपर्क किया गया है। जिसके लिए रहमान ने मयंक को चुना है। मयंक ने इस सुनहरे अवसर का फायदा उठाते हुए इन तीनों भाषाओं में शानदार प्रस्तुति देकर दक्षिण भारत में अपने हुनर का लोहा मनवा लिया है। मयंक इससे पहले भी रहमान के साथ कई अन्य फिल्म व टीवी कार्यक्रमों के लिए अपनी आवाज दे चुके हैं, मगर उनके मुताबिक हॉलीवुड फिल्म के लिए गाना गाना रहमान के साथ काम करने की अभी तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है। मयंक को उनके संगीतकार मित्रों व फेसबुक में पहाड़ी नाम से जाना जाता है। मयंक के पिता जगदीश चंद्र कापड़ी कपड़ा व्यवसायी, माता इंद्रा कापड़ी प्रावि कुसौली में प्रधानाध्यापिका और बहन वर्षा कापड़ी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। ==========
कंपोजर व गायक के तौर पर कर रहे काम
वर्तमान में मयंक चेन्नई में रहकर फिल्म इंडस्ट्री में कंपोजर व गायक के तौर पर काम कर रहे हैं। मयंक ने दक्षिण की फिल्मों में पार्श्वगायन के साथ काफी छोटी फिल्म व फिल्म विज्ञापनों में भी अपना संगीत दिया है। मयंक ने दूरभाष पर बताया कि वह अपनी जन्मभूमि पिथौरागढ़ के लिए किसी तरह से संगीत में योगदान देना चाहते हैं और इसके लिए वह प्रयास कर रहे हैं। ========= पॉप म्यूजिक में भी महारत हासिल
पिथौरागढ़: संगीत के लिए कई तरह के उपकरणों की आवश्यकता होती है। हर संगीतकार किसी न किसी उपकरण से अपनी कला का प्रदर्शन करता है, मगर मयंक एक ऐसा कलाकार है, जो अपनी दमदार आवाज के साथ ही बिना किसी उपकरण से पॉप म्यूजिक में भी जलवा बिखेर रहा है। मयंक को बिना किसी उपकरण से मुंह से संगीत की कई तरह की धुन निकालने में भी महारत हासिल है। उनकी इसी कला के म्यूजिक डायरेक्टर एआर रहमान भी कायल हैं।