कोरोना के चलते व्यापारियों के फैसले का दिखा असर, पिथौरागढ़ में दो बजे ही बंद हो गया बाजार
पिथौरागढ़ में कोरोना के चलते व्यापारियों के आहवान पर दुकानदारों ने दोपहर दो बजे ही अपनी दुकानें बंद कर दी।
पिथौरागढ़, जेएनएन : शासन द्वारा दुकानें खोलने की अवधि बढ़ाए जाने के फैसले को पिथौरागढ़ के व्यापारियों ने समर्थन नहीं दिया। व्यापारियों ने दो बजे ही अपनी दुकानें बंद कर दी। शुक्रवार तक बाजार चार बजे तक खुल रहा था।
शुक्रवार को सरकार ने प्रदेश में दुकानें खोलने का समय प्रात: सात बजे से सायं सात बजे तक निर्धारित कर दिया है। व्यापारियों ने पहले दिन ही इस फैसले का विरोध कर दिया। व्यापारियों का तर्क है कि संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं, ऐसे में ज्यादा देर तक दुकानें खोलने का कोई औचित्य नहीं है। व्यापारी ग्राहक नहीं होने से पहले ही परेशान है। उद्योग व्यापार मंडल ने सुबह सात बजे से दोपहर दो बजे तक ही दुकानें खोलने का निर्णय लिया था। इस निर्णय पर अमल करते हुए नगर के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दी, हालांकि कई दुकानदारों ने एक बजे ही दुकानें समेट ली थी। दो बजे बाद बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। इक्का दुक्का लोग ही सड़कों पर दिखाई दिए।